बिल्कुल तुम पर गया हूँ मैं - भूपिन्दर बराड़

भूपिन्दर बराड़भूपिन्दर बराड़21 Sept 1952

12 min read · 12.4K reads

छोटी सी बैठक थी हमारी
फिर भी काफी थी
तुम्हारे दोस्तों के लिए
आए दिन उनकी चौकड़ी जमती
तुम्हें बातों का शौक था
उन्हें चाय का
और अनगिनत प्याले बनाती
माँ थकती कहाँ थी

एक छोटी सी दुनिया थी तुम्हारी
जिसमे बसती थीं
मुफ्त में मिलने वाली ख़ुशियाँ
झट से पूरी होने वाली आशाएं
और उन सब पर तैरता हुआ
एक अनंत विश्वास कि होनहार बेटा
जवान हो रहा है घर में
 
छिपाए छिपती नहीं थी
तुम्हारी खिली बांछें
तिमाही छिमाही तुम्हारे दोस्त
जब मुझे पास बुलाते
और नाटकीय ढंग से
एक सुर में दोहराते:
इस कदर तुम पर गया है यह छोकरा
कि तुम्हारा बचपन भर लगता है
फिर से जीता हुआ

तुमने यकीन किया उनका
मेरे सरल दिल पिता
मेरी आँखों में झांकते हुए
कहाँ जान पाए तुम
कि खाना खाकर निकलूंगा
तो मैं लौटूंगा नहीं एक रात

सोचता हूँ
मौक़ा मिलता तो बताता तुम्हे
कितनी भयावह थी वह रात
एक ख़त्म न होने वाली गली थी
संकरी,अँधेरी और उमस भरी
जिससे गुज़रते मैं लड़खड़ाया कई बार
मेरा पीछा कर रही थी लगातार
एक सुबकी जो माँ की रही होगी
तुम्हें सुबकना नहीं आता था
द्वितीय विश्व युद्ध के साहसी योद्धा
और एक गुमसुम हुए आदमी की
आवाज़ नहीं जाती दूर तक

सोचता हूँ
मौका मिलता तो कहता
न आवारा था मैं न अहसान फरामोश
सिर्फ संतान था ऐसे युग की
जिसमे घर छोड़ना लगता था लाज़मी
गर दिमाग में पनपने लगें
अस्तित्व और अस्मिता के सवाल

हालाँकि बहुत दूर तक नहीं चले
यह सवाल
सब सूख कर मुरझा गए
झुलसे हुए शहरों में
फिर बचीं तो अस्थाई नौकरियां
असहाय अजनबी औरतें
प्यार का नाटक करतीं हुईं

यह कोरा अड़ियलपन था मेरा
या खून में मिली
हार न मानने की जिद
कि मैं निकला तो चलता चला गया
मरुस्थल की सूखी हवा में
थपेड़ों को सहता हुआ

जब भी मौका आया गाहे बगाहे
थम कर सांस लेने का
तो पाया कि ऐसा करने के लिए भी
चाहिए थी चतुराई या शुद्ध कला
दोनों ही नदारद थीं जो
मेरे संस्कारों में

सोचता हूँ
तुम होते तो कहता
बाबा मैं भी थकने लगा हूँ अब
ढीले पड़ने लगे हैं कदम
मैं भी आ पहुंचा हूँ
उम्र के उस मोड़ पर
जहाँ वक्त की घंटी
सुनने लगती है साफ़ साफ़
और मन में सहसा उठने लगती है
कसक लौट जाने की

जानता हूँ
यह सब सोचना भी व्यर्थ है
जब तुम्हारी चौदहवीं पुण्यतिथि भी
निकल चुकी है मेरे बगैर

मैं चौदह से थोड़ा ही बड़ा तो था बाबा
जब मैं घर छोड़ कर निकला था उस रात
भूपिन्दर बराड़
About the poet

भूपिन्दर बराड़

View profile & all 6 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like