मैं तैयार नहीं था

भवानीप्रसाद मिश्रभवानीप्रसाद मिश्र29 Sept 1913 – 20 Sept 1985

1 min read · 12.4K reads

मैं तैयार नहीं था सफ़र के लिए

याने सिर्फ़ चड्डी पहने था और बनियान

एकदम निकल पड़ना मुमकिन नहीं था

और वह कोई ऐसा बमबारी

भूचाल या आसमानी सुल्तानी का दिन नहीं था

कि भाग रहे हों सड़क पर जैसे-तैसे सब

इसलिए मैंने थोड़ा वक़्त चाहा

कि कपड़े बदल लूँ

रख लूँ साथ में थोड़ा तोशा

मगर जो सफ़र पर चल पड़ने का

आग्रह लेकर आया था

वह जाने क्यों अधीर था

उसने मुझे वक़्त नहीं दिया

और हाथ पकड़कर मेरा

लिए जा रहा है वह

जाने किस लंबे सफ़र पर

कितने लोगों के बीच से

और मैं शरमा रहा हूँ

कि सफ़र की तैयारी से

नहीं निकल पाया

सिर्फ़ चड्डी पहने हूँ

और बनियान!

भवानीप्रसाद मिश्र
About the poet

भवानीप्रसाद मिश्र

View profile & all 173 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like