क्या हर्ज़ है - भवानीप्रसाद मिश्र

भवानीप्रसाद मिश्रभवानीप्रसाद मिश्र29 Sept 1913 – 20 Sept 1985

8 min read · 12.4K reads

क्या हर्ज़ है अगर अब
विदा ले लें हम
एक सपने से

जो तुमने भी देखा था
और मैंने भी
दोनों के सपने में

कोई भी फ़र्क
नहीं था ऐसा तो
नहीं कहूँगा

फ़र्क था
मगर तफ़सील -भर का
मूलतः

सपना एक ही था
शुरू हुआ था वह
एक ही समय
एक ही जगह
एक ही कारण से
मगर उसे देखा था
दो आमने – सामने खड़े
व्यक्तियों ने

इसलिए
एक ने ज्यादातर भाग
इस तरफ़ का देखा
दुसरे ने उस तरफ का
एक ने देखा

जिस पर डूबते सूरज की
किरणें पर रहीं थीं
ऐसा एक
निहायत ख़ूबसूरत
चेहरा
लगभग
असंभव रूप से सही और
सुन्दर नाक घनी भौहें
पतले ओंठ
घनी और बिखरी
केश राशि
सरो जैसा क़द
और आखें
मदभरी न कहो
मद भरने वाली तो
कह ही सकते हैं
और
दूसरों ने देखा

डूबते सूरज की तरफ़
पीठ थी जिसकी
ऐसा एक व्याक्ति
लगभग बंधा हुआ- सा
अपने ही रूप की डोर से
सपने
लम्बे लगते हैं मगर वे
सचमुच लम्बे नहीं होते
हमारे लम्बे लगने वाले

सपने में
बड़ी- बड़ी घटनाएँ हुईं
डूबे बहे उतराये

हम सुख – दुख में
और फिर जब
सपना टूट गया
तो हमने
आदमी की तमाम जिदों की तरह
इस बात की जिद की

कि सपना हम देखते रहेंगे
मगर बहुत दिनों से
सोच रहा हूँ मैं
और अब
पूछ रहा हूँ तुमसे

क्या हर्ज़ है अगर अब
विदा ले लें हम उस सपने से
जो हमने सच पूछो तो

थोड़ी देर एक साथ देखा
और जाग जाने पर भी
जिसे बरसों से

पूरी ज़िद के साथ
पकड़े हैं बल्कि
पकड़े रहने का बहाना किये हैं!
भवानीप्रसाद मिश्र
About the poet

भवानीप्रसाद मिश्र

View profile & all 173 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

ये दरवेशों की बस्ती है यहाँ ऐसा नहीं होगाये दरवेशों की बस्ती है यहाँ ऐसा नहीं होगालिबास-ए-ज़िंदगी फट जाएगा मैला नहीं होगा— मुनव्वर रानाचले मक़्तल की जानिब और छाती खोल दी हम नेचले मक़्तल की जानिब और छाती खोल दी हम नेबढ़ाने पर पतंग आए तो चर्ख़ी खोल दी हम ने— मुनव्वर रानाकुछ नहीं चाहने वाली लड़कीसोलह की यह लड़की दो-तीन साल पहले तकपेड़-पौधों पर रखती थी पाँव— ऐश्वर्य राजआंबेडकर“तुम्हारे दीन मुखों को देखकरकरुणा भरे स्वरों को सुनकर— बी. गोपाल रेड्डीमेरा और मेरी पृथ्वी का(लंबी कविता के कुछ अंश)वैसा ही हूँ, दुख मेरी गोद का बच्चा, बार-बार— हीरेन भट्टाचार्यतालाब-1मैं क्षिति तल परतुम्हारे सुख-दुख का— ब्रजरतन जोशी