लुप्त होता आदमी - भारतरत्न भार्गव

भारतरत्न भार्गवभारतरत्न भार्गव

5 min read · 12.4K reads

वह चाहता नहीं था लुप्त होना
इस सचेतन संसार से
यह भी नहीं कि ख़ामोश बैठा रहे
अपने को खारे समुद्र में घुलता जान कर भी

वह जानता था समझता
उसके लुप्त होते जाने की वजह
वह नहीं है क़तई नहीं
उसका मन हुआ कि एक बार
सिर्फ़ एक बार
वह होते रहने भर के लिए ज़ोर से चीख़े
कि शामिल हों वे जो गूँगे हैं बहरे भी
जिन्हें पता नहीं अभी तक
कितना ख़तरनाक हो सकता है लुप्त होता आदमी
उसके लगभग न होने के बोझ से दबी
शातिर निगाहों ने समवेत अफ़सोस
ज़ाहिर किया और उसके दफ़्न के लिए
आकर्षक ताजिए बनाने में मशगूल हो गए
ढोल - ताशों के साथ छातियाँ पीटते
बुद्धिजीवी जश्न मनाने की फ़िराक में थे
कि तभी धरती के स्तन से फूटी दूध जैसी
एक बून्द उसके हलक़ में उतर गई

यह कैसे हुआ और क्यों उसे पता नहीं
लेकिन लगातार ऐसी अप्रत्याशित घटनाओं के बावजूद
उसका लुप्त न होना सुखद आश्चर्य ही तो है।
भारतरत्न भार्गव
About the poet

भारतरत्न भार्गव

View profile & all 12 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like