लाजवन्ती - भारतरत्न भार्गव

भारतरत्न भार्गवभारतरत्न भार्गव

3 min read · 12.4K reads

कैसे पहुँच गया
लाजवन्ती के युवा पौधों के बीच
पता नहीं।

फूल ये गुलाब से सलोने
पर चौकन्ने
रोम-रोम सजी प्रतीक्षित मुखश्री
देखती रहीं कौतुकी दृष्टि
छू भर दिया अनछुए कपोलों को

सहमी फिर लजा गई
सखियों के आँचल में
लुक-छिप जाने को आकुल-व्याकुल

चित्ताकर्षक भंगिमा
अनुभव था नया-नया
विस्मृतियों को ताज़ा करते
मुड़ने लगे पाँव अनायास फिर
काँटों कँकरों भरी पगडण्डियों की ओर !

लौटते देख मुझे
आहिस्ता से खोली पलकें
उठी गरदन, कँपकँपाए ओठ
पढ़कर मेरी आँखें निस्पृह, निर्विकार
बोली धीमे चुपके से —
रूको, फिर नहीं छुओगे मुझे !
भारतरत्न भार्गव
About the poet

भारतरत्न भार्गव

View profile & all 12 Poems / Stories