जागते रहो!

भारतभूषण अग्रवालभारतभूषण अग्रवाल

1 min read · 12.4K reads

डूबता दिन, भीगती-सी शाम

बंद कर दो काम,

लो विश्राम।

यह तिमिर की शाल

ओढ़ लो वसुधे! न सिकुड़े शीत से यह लाल,

जग का बाल।

वलय की खनकार,

दीप बालो री सुहागिनि! जग उठे गृह-द्वार

बंदनवार।

किंतु साथी! देख

हम न सोएँगे, हमारा कार्य है अवशिष्ट

अपनी प्रगति का अब भी अधूरा लेख

जागरण, चिर जागरण ही है हमारा इष्ट!

लो, क्षितिज के पास—

वह उठा तारा, अरे! वह लाल तारा, नयन का तारा हमारा

सर्वहारा का सहारा

विजय का विश्वास।

भारतभूषण अग्रवाल
About the poet

भारतभूषण अग्रवाल

अज्ञेय द्वारा संपादित ‘तार सप्तक’ के कवि। जन्म : 02/08/1919 | मथुरा, उत्तर प्रदेश निधन : 23/06/1975 | शिमला, हिमाचल प्रदेश ‘तार सप्तक’ के कवि भारतभूषण अग्रवाल का जन्म 3 अगस्त, 1919 को तुलसी-जयंती के दिन उत्तर प्रदेश के मथुरा ज़िले के सतघड़ा मोहल्ले में हुआ। उन…

View profile & all 16 Poems / Stories