स्मृति - बसंत त्रिपाठी

बसंत त्रिपाठीबसंत त्रिपाठी25 Sept 1972

5 min read · 12.4K reads

स्मृतियों के नीले ठहरे आसमान में
एक पतंग तैरती रहती है

एक चिड़िया
इस नीले को चीरती हुई निकल जाती है
एक जेट विमान
सफेद धुएँ की लकीर छोड़ता हुआ
गुम हो जाता है

लहरों की उजाड़ हँसी
रेतीली तटों पर बिखरती है
ठंडी नमकीन हवाएँ
चेहरे पर छोड़ जाती हैं चिपचिपापन

रात चुपके से आती है
शोर मचाती हुई चली जाती है
कुहरीली रातों में
चमगादड़ों की बेतरतीब उड़ानें
बदहवास-सी लगती हैं

इन दिनों मैं
कहाँ रहता हूँ
अपने वर्तमान में
वर्तमान में तो खाना खाता हूँ
सोता हूँ चलता-फिरता हूँ

घर लेकिन बनाता हूँ
स्मृतियों में ही

वहाँ एक टेबिल में
दो जाम से भरे गिलास हैं एक मेरे लिए
दूसरा पता नहीं किसके लिए
या शायद सबके लिए

नींद से भरी रातों में
एक गिलास खाली करने के लिए
चले आओ मेरी स्मृतियों में

इन दिनों
मैं अपनी स्मृतियों में ही रहता हूँ
क्योंकि वहीं जिंदा होने का एहसास बचा है

और यह
कितनी बुरी बात है!
बसंत त्रिपाठी
About the poet

बसंत त्रिपाठी

View profile & all 56 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like