चुप्पी

बसंत त्रिपाठीबसंत त्रिपाठी25 Sept 1972

1 min read · 12.4K reads

‘क्या मैं अंदर आ सकती हूँ?’

यह पेड़ों से धीमे-धीमे झर रही

पीली पत्तियों की तरह की

एक फुसफुसाहट थी

कौन हो तुम?

कहाँ है तुम्हारा ठिकाना?

क्यों चाहती हो मेरी ओर आना?

क्या मेरा दिल ही तुम्हारा गंतव्य है?

एहतियातन मैंने पूछा

मेरा नाम चुप्पी है

और तुम्हारे पास आना ही मेरा मक़सद

तुम शब्दों के पत्थर से लहूलुहान

एक घायल सिपाही हो

मैं चुप्पी हूँ, तुम्हारा मरहम

तुम मेरा ठिकाना नहीं हो

मैं ही तुम्हारा पता हूँ

अट्टहास और कराह से भरती पृथ्वी में

मैं तुम्हारा बंकर हूँ

क्या मैं अब

अंदर आ सकती हूँ?

मैंने हामी भर दी

यह जानते हुए भी कि चुप रहना

हमारे समय का सबसे संगीन अपराध है!

बसंत त्रिपाठी
About the poet

बसंत त्रिपाठी

View profile & all 56 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like