पानी पर पड़ी लकीर को
अभी तक
पत्थर पर लकीर समझते हैं
मेरे बुजुर्ग
बेगाने फल पौधों को पानी लगाते
वे ख़ुद खिल जाते हैं
पशुओं के बच्चों की पीठ थपथपाते
दूध-पूत की ख़ैर माँगते
हल की हत्थी पर हाथ टिकाते
सरबत का भला माँगते
मिट्टी के साथ मिट्टी हो जाते
वह अपने हाथों लाए हैं
हरी, सफ़ेद और नीली क्रांति
और उसके शरीर पर
अब भी बहता है ख़ुश्क दरिया
जेठ, आषाढ़ में झुलसती कमज़ोर देह
और भीतर से चमकते चिकने तन
देह से ख़ुशी तलाशते मन
और उसकी पुश्तैनी सोच
उसे बार-बार मुख़ातिब होती है
कि यह तो नसीब का खेल है
कभी-कभी वे सोचते हैं
भले समंदर में घड़ियाल हैं
लेकिन मछलियों ख़ूब तैरती हैं
पक्षियों के उड़ने के लिए आकाश
रहने के लिए घर है
मेरे पास है ही क्या?
गौरवमयी संस्कृति का देश?
ग़ुलामी की प्रथा को प्रचलित रखती
मेरी अपनी संतान?
कभी-कभी वह फिर सोचता है
और तलाशता है ‘देर है अँधेर नहीं’ के अर्थ
फफोले वाले हाथों से
खोजने लगते हैं मिट्टी
लुप्त होती जा रही लकीरें
पानी पर पड़ी लकीर को
अभी तक
पत्थर पर लकीर समझते हैं
मेरे बुजुर्ग।








