प्रेम की दक्षता

बलराम शुक्लबलराम शुक्ल

1 min read · 12.4K reads

कविता, पहले नई-नवेली दुल्हन की तरह थी

सिमटी-सी, ठिठकी-सी, लजीली-सी

जिसकी ध्वनि कभी-कभी सुनाई दे जाती थी।

जो हज़ार मिन्नतों के बाद

कभी, कहीं और किसी तरह

रहस्यता को प्राप्त हो पाती थी।

वही कविता वनिता अब मेरे लिए

नवों रसों को लेकर तैयार,

मधुर वर्णों के नाते अत्यंत रुचिकर,

सद्गुणों का प्रदर्शन करती हुई

पर्याप्त उज्ज्वल अलंकारों से सजकर

मनोऽनुकूल रीतियों से ध्वनित होती हुई

सारे छंदों की लोच अपने अंदर समोए हुए

प्रतिदिन मध्यमा नायिका की तरह

उत्कंठा में भर कर मेरी राह तकती रहती है

जैसे प्रोषितपतिका

अपने परदेसी पति का इंतज़ार करती है

जिस मुग्धा कविता कामिनी के पीछे

पहले मैं एक रसिक लंपट की तरह

भागा करता था

प्रेम की शराब के कारण

अब वही मुझसे प्रौढ़ा की तरह प्रगल्भताएँ करती है

प्रेम की आग!

कितनी कुशल है देखो,

जो अदग्ध दहन के द्वारा

दोनों पक्षों को अनुराग से प्रदीप्त करके उज्ज्वल बना देती है।

बलराम शुक्ल
About the poet

बलराम शुक्ल

नई पीढ़ी से संबद्ध कवि-लेखक और अनुवादक। संस्कृत और फ़ारसी साहित्य के अप्रतिम अध्येता। यहाँ प्रस्तुत कविताएँ संस्कृत से स्वयं कवि द्वारा अनूदित।

View profile & all 11 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like