एक
हमसे दूर रहो री सतत, हम हैं मस्त फ़कीर।
बाघंबर से कहो क्यों बँधे चीनांशुक का चीर।
सखी री, हम हैं मस्त फ़कीर।
दो
हमें मिला है सतत अटन का यह प्रसाद अभिशाप:
गृही लोग, हम अनिकेतन की क्या जानें सुख-पीर?
सखी री, हम हैं मस्त फ़कीर!
तीन
हम क्या जानें दृग-अंजन की पतली-पतली रेख?
हम तो जान सके हैं केवल मग की ‘न-इति’-लकीर।
सखी री, हम हैं मस्त फ़कीर।
चार
हमें मिले हैं पथ में जब-तब कुछ लोचन स्मयमान,
जो हम से सैनों में बोले : दिखलाओ हिय चीर!
किंतु हम ठहरे मस्त फ़कीर!
पाँच
तुम्हें मिली है मानव हिय की यह चंचल ठकुरास!
पर, हमको तो मिली अचंचल मस्ती की जागीर!
सखी री, हम हैं मस्त फ़कीर।
छह
क्या चिंता जो हम आ बैठे कारागृह में आज?
क्या भय, जो हम को घेरे है यह ऊँची प्राचीर?
सखी री, हम हैं मस्त फ़कीर!
सात
तुम समझो हो कि अब हो चले हम ‘नवीन’, प्राचीन!
क्यों भूलो हो कि हम अमर हैं!! हम हैं लौह शरीर!!!
सखी री, हम हैं मस्त फकीर!
आठ
क्या पूछो हो पता हमारा? हम हैं अगृह, अनाम!
यही पता है कि है कहीं भी अपनी नहीं कुटीर!!
सखी री, हम हैं मस्त फ़कीर!!!








