भर चुका है घाव पर उसका उभरना कम नहीं है - बलबीर सिंह रंग

बलबीर सिंह रंगबलबीर सिंह रंग14 Sept 1919 – 8 Sept 1984

4 min read · 12.4K reads

भर चुका है घाव पर उसका उभरना कम नहीं है।

थम गई बूदें धरा के तृषित रन्ध्रों को भिगो कर,
चल पड़े घन भी क्षितिज की ओर बर्षा विमुख होकर,
पर गगन में दामिनी दुति का चमकना कम नहीं है।
भर चुका है घाव पर उसका उभरना कम नहीं है।

सिन्धु को शरमा चुकी है आंसुओं की मुसकराहट,
अब न आती कल्पना के नूपुरों की मन्द आहट,
पर हृदय के व्यथित भावों का मचलना कम नहीं है।
भर चुका है घाव पर उसका उभरना कम नहीं है।

भूल से जो शूल पगतल में चुभा यौवन डगर में,
पीर उसकी दूर पंथी व्यस्त है जीवन समर में,
पर थके पग में अभी उसका कसकना कम नहीं है।
भर चुका है घाव पर उसका उभरना कम नहीं है।
बलबीर सिंह रंग
About the poet

बलबीर सिंह रंग

View profile & all 147 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like