तुम बहो अपने भीतर की
दीवारों को तोड़कर
क़ैद का संसार
कैसा संसार
जैसे कि तुम बहने लगो समय के साथ
तो यहाँ से निकलेंगी कई-कई नदियाँ
पहाड़ों को चीरती हुईं
ऐसे दुर्गम रास्ते
जिन तक जाना है अभी बाक़ी
तुम्हें कोई बाँहों में भरना चाहेगा
और टूट जाएँगे सारे तटबंध
समेटने की सारी कोशिशें होंगी निष्फल
बिखर जाएगा सब कुछ यहाँ-वहाँ
लग जाएँगे असंख्य दाग़
जिन्हें स्मृति से भी नहीं छुड़ाया जा सकेगा








