नई दुनिया में लोक

बद्री नारायणबद्री नारायण5 Oct 1965

1 min read · 12.4K reads

अपने गाँव के आकाश की मरी चिड़िया

पॉकेट पर टाँगे जब वह शहर आया

तो लोगों ने फ़रमाया—वाह क्या लोक है!

उसके वजूद में भटकती चिड़िया की आत्मा की

आवाज़ जब फैली बाहर

तो लोगों ने बजाई ताली देखिए न यह कितना सांस्कृतिक है

जब मृत चिड़िया की अधूरी आकांक्षाएँ उस आदमी की

आँखों में फैलने लगीं तो उसकी आँखें हुईं नीली

लोगों ने दाद दी—इसकी जड़ें बहुत गहरी हैं

और यह कर रहा है जड़ों की खोज

मरने के पहले जो चिड़िया ने ली थी कराह

वह कराह जब उसके हाव-भाव और अभिव्यक्तियों में दिखने लगी

तो लोगों ने कहा दीजिए ध्यान! इसकी अभिव्यक्ति अत्यंत लयात्मक है।

मारने वाले व्याध से बदले की इच्छा जब मृत

चिड़िया के शरीर में पैदा करने लगी कुछ साँसें

और अनेक कंपन

तो वे ही लोग कहने लगे

अब बहुत हो गया लोक-लोक

अब हमें कुछ और बातें करनी चाहिए।

बद्री नारायण
About the poet

बद्री नारायण

सुपरिचित कवि-विचारक। साहित्य अकादेमी पुरस्कार से सम्मानित। मूल नाम : बद्री नारायण जन्म : 05/10/1965

View profile & all 39 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like