अकाल मृत्यु

बद्री नारायणबद्री नारायण5 Oct 1965

1 min read · 12.4K reads

घंटी अभी बजी भी नहीं थी

कि मृत्यु आ गई

सारे नीति-नियम तोड़

पर इसमें उस बच्चे का क्या दोष था

जिसकी आँखें अभी सपने भी नहीं देख पाई थीं।

वह लड़की जो अभी प्रेम में पग रही थी

उसकी ग़लती क्या थी?

एक साहित्यकार जिसे अभी कई कहानियाँ लिखनी थीं

एक कवि जिसका नया संकलन अभी आया ही था

एक गायक जिसने अभी-अभी नया राग बनाया ही था

एक किसान जिसने अभी-अभी बेटे की नौकरी लगने के बाद

अपना सारा क़र्ज़ चुकाया ही था

एक पिता जिसकी बेटी की शादी तय थी

उसकी क्या ग़लती थी?

चित्रगुप्त ने एक बार कहा भी

इन्हें न स्वर्ग जाना चाहिए

न नरक

इन्हें अभी रहकर पृथ्वी को ही सुंदर बनाना चाहिए।

ये सब अकाल मृत्यु हैं

इसमें यमराज का कोई दोष नहीं।

बद्री नारायण
About the poet

बद्री नारायण

सुपरिचित कवि-विचारक। साहित्य अकादेमी पुरस्कार से सम्मानित। मूल नाम : बद्री नारायण जन्म : 05/10/1965

View profile & all 39 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like