मैं और ही कोई हादिसा हूँ - नज़्म

अज़रा परवीनअज़रा परवीन

1 min read · 12.4K reads

मैं अब नया कोई हिंदिसा हूँ

मैं और कोई हिंदिसा हूँ

तुम्हारे पहलू में कल से अब तक

जो इक ब-सूरत सिफ़र सिफ़र थी

वो मैं नहीं थी

जो तुझ में तेरे सफ़र की धुन थी

जो ख़ुद मुसाफ़िर न हो के बस तेरी रहगुज़र थी

वो मैं नहीं थी

वो मैं नहीं हूँ

जो अपने सीने की आग दे कर

तिरे सुरों का सुहाग भर थी

जो तेरी दुनिया का राग भर थी

वो मैं नहीं थी

सुनो तज़ब्ज़ुब की क़ैद पिघली

मैं एक निश्चित उड़ान हूँ अब

जो इक अनिश्चित, अगर मगर थी

वो मैं नहीं थी वो मैं नहीं हूँ

मैं अब नया कोई हादिसा हूँ

मैं अब नई कोई इंतिहा हूँ

चलो ये माना मैं सानेहा हूँ

चलो ये सच है मैं इक सज़ा हूँ

मगर जो अब तक तुम्हारे पहलू में

इक ब-सूरत सिफ़र सिफ़र थी

वो मैं नहीं थी

वो मैं नहीं हूँ

अज़रा परवीन
About the poet

अज़रा परवीन

मूल नाम : अज़रा परवीन जन्म : उन्नाव, उत्तर प्रदेश

View profile & all 14 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like