मौत हम से कितनी दूर है
एक इंची-टेप ख़रीद कर लाए हैं हम
और फ़र्ज़ी फ़ासले से मौत को
अपने आप से नापते हैं
दिन को गुड-मॉर्निंग कहते हुए
सूरज की रौशनी से हम पूछते हैं
आज क्या हमारा नंबर है
सूरज खिलखिलाता है हमारी बुज़दिली पर
हमें उस की हँसी ज़ह्र लगती है
लेकिन हम शर्मा हुज़ूरी में
उस के साथ दाँत निकाल कर हँसते हैं
फिर हम उस क़ब्रिस्तान में जाते हैं
जहाँ हम को दफ़्न किया जाएगा
और देखते हैं
क्या कोई जगह बाक़ी है
क़ब्रिस्तान तो पटा हुआ मिलता है
हम ख़ुश होते हैं
मारने वाले हमें नहीं मारेंगे
जब उन को ये पता होगा कि
क़ब्रिस्तान में अब जगह नहीं रही
हम लहकते हुए क़ब्रिस्तान से बाहर आ गए
मगर रास्ते में
एक गोली हमें ठुमकती हुई नज़र आई
हम सड़क पर लेटे हुए
सोच रहे थे
अपनी आख़िरी साँस के दरमियान
इस को मालूम नहीं था क्या
क़ब्रिस्तान में अब जगह नहीं है








