पलायन

आयुष झाआयुष झा

1 min read · 12.4K reads

दुनिया से भागे हुए लोग भी इसी दुनिया में रहते थे

और दुनिया से भगाए गए लोग भी

उन्होंने वृक्षों को आग से डराकर भगाया

हवा को लाठी से हाँककर

पहाड़ से कहा कि क़द छोटे क्यूँ नहीं कर लेते तुम

ताकि उड़ सके हवाई जहाज़

नदी के पीछे ज़हरीला साँप छोड़कर

वे तालियाँ पीट साँप के पीछे भागे

भागते-भागते

भागने के सारे समंदर लाँघ चुके लोगों ने

मिलकर विकसित किया भागने का विज्ञान

और जब एक दिन

जंगल, हवा, नदी और पहाड़

सबके सब एक साथ मिलकर

पृथ्वी से दूर बहुत दूर भागने लगे

तो मानव सभ्यता के डूबते जहाज़ की

अनायास बड़ी फ़िक्र होने लगी इन्हें!

आयुष झा
About the poet

आयुष झा

नई पीढ़ी के कवि-लेखक।

View profile & all 26 Poems / Stories