हत्या का न्योता

अविनाशअविनाश

1 min read · 12.4K reads

सतह पर भय। पदचाप ध्वनिबद्ध धुन में धीमे-धीमे तेज़ होती जा रही है। भय सतह से भीतर की तरफ़ प्रवेश करता है।

झूठ कहते हैं कि भय मन की उपज है। वह तो समय के गर्भ में अपना साहित्य रचता है। उसकी लेखनी को अस्तित्व और पहचान की लिपि में ढाला जाता है।

वे क़रीब आते जा रहे हैं। एक जत्था। कुछ नारे। कुछ गालियाँ। उनकी आवाज़ में एक अप्रत्यक्ष डर सिहर रहा है। ऊँची आवाज़ों और क़दमों के ठहराव-उठाव-ठहराव में यह डर फिसलकर जत्थे से बाहर निकल गया।

मेरे भीतर जो काल-रचित गीत घुसा, उसने मौन कर दिया। शिथिल। शांत। आँखों के आगे कालापन, अपनी छटा बिखेरने लगा है। मेरा स्व इस धुँधलेपन में कहीं खोया है।

झूठ का स्रोत ऊष्म और दबा हुआ है। खोलो और जल जाओ। खेलो और करतबबाज़ बनो। झूठ की नींव में कई सच दफ़न हैं। हज़ार सच को सेल्ह कर बनाया बुरादा मेरी आँखों में पड़ा हुआ है।

गुरुत्वाकर्षण के किस नियम से मुझे मेरे भीतर से खींचकर धरा में धँसा दिया। वह किस ईश की आराधना है जिसने मेरी देह की आहुति माँगी है।

मैं स्तब्ध-सा खड़ा, पहचान को मिट्टी में झरते देख रहा, सोचता कि कुछ सोचना कितना मुश्किल है, देखता कि देखने के लिए आँखें मात्र नहीं चाहिए। किसी ने मुझे नहीं पहचाना है, कोई नहीं जानेगा मुझे। मैं अब मैं से मेरी परिभाषा में तब्दील हो जाऊँगा।

देह में रक्त का झरना है। मेरी देह ने मेरे स्व पर लाल रंग का लेप लगाया है। मेरे ख़ुद की देह ने मेरे स्व के ख़िलाफ़ साज़िश रची है। यह ख़ून का झरना कब तक चलेगा। चलेगा। च। ले। गा।

अविनाश
About the poet

अविनाश

View profile & all 34 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like