आँखों के सामने तैरती हुई अलसाई-सी नज़र
किसी मन को भीतर तक खँगालने-सी
उलट-पुलट कर फाँकों में बाँटकर
रहस्य पता होने की ज़लालत नज़र
तुम बला की ख़ूबसूरत तिस पर यह अदा
जलते-बुझते पलकों की राख जमा करती है
मेरे भीतर जो भी था धँसा, पसरा हुआ सर्दी की धूप-सा
लहलहाता, मातृ-गोद में शिशुपान करता
दुलार से सजे तुम्हारे ये हाथ
सहलाते हुए पीठ के भँवरों को
उकेर देते हैं दैहिक सच—मुझे प्रेम करो
बदन की रंग-ओ-बू से परिचित तुम्हारी छुअन
सींचती है सूखा कंकाल जिससे ममता झर चुकी है
तुम्हारा यह वक्ष जिसमें विलोपित मुख
लेता तुम्हारे भीतर दफ़न भय में लिपटी साँसें
हर बार जब तुम भविष्य के अटके भूत को साँसों में छोड़ती हो
तुम्हारे भीतर का द्वार खुलता है
मैं लिपटा हुआ तुमसे
रगों में बिखरी सभी स्मृतियों को
अपनाता हूँ








