हिरनी-सी है क्यों - अवनीश सिंह चौहान

अवनीश सिंह चौहानअवनीश सिंह चौहान4 Sept 1979

3 min read · 12.4K reads

छुटकी बिटिया
अपनी माँ से
करती कई सवाल

चूड़ी-कंगन
नहीं हाथ में
ना माथे पर बैना है
मुख मटमैला-सा
है तेरा
बौराए-से नैना हैं

इन नैनो का
नीर कहाँ-
वो लम्बे-लम्बे बाल

देर-सबेर
लौटती घर को
जंगल-जंगल फिरती है
लगती
गुमसुम-गुमसुम-सी तू
भीतर-भीतर तिरती है

डरी हुई
हिरनी-सी है क्यों
बदली-बदली चाल

नई व्यवस्था में क्या
ऐ माँ
भय ऐसा भी होता है
छत-मुडेर पर
उल्लू असगुन
बैठा-बैठा बोता है

पार करेंगे
कैसे सागर
जर्जर-से हैं पाल
अवनीश सिंह चौहान
About the poet

अवनीश सिंह चौहान

View profile & all 64 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like