भरोसे का सवाल

अतुलअतुल

1 min read · 12.4K reads

चलो, छोड़ो, जाने दो

एक और शाम डूबी

उम्मीद की, भरोसे की, झूठे दिलासों की

हम जानते थे सूरज उठेगा

तो तप कर देगा शहर की साँस को

तेज़ चलेंगी गर्म हवाएँ

उठ के मरने लगेंगे कुछ लोग

कुछ बैठ के मारने लगेंगे

पर डरते रहें मान लेने को ये सब

और भरोसा किए रहे कि लोग दाँव लगाएँगे

अपने तारे को बचाने को

न कि दूसरे का आसमान नोच लेने को

हम जानते थे कि हमारा भरोसा झूठा है

और सूरज के वास्ते लोगों की श्रद्धा सच्ची

पर लाचारी में भुलाए, भुलवाए रहे

हम रात भर बैठ के सिगड़ी जलाए रहे

सोचकर कि मद्धिम आँच से बाँटेंगे ठंड को

पर धुँए में आँख भरभराए के सिवा कुछ न रहे

और बीच-बीच में जंगल के जल जाने का तमाशा देखते रहे

चलो, छोड़ो जाने दो

एक और शाम होगी

शायद हमारे भरोसे तब भी झूठे ही रहें

पर शाम होगी, ये सच है

और इतने से ही एक सवाल की तरह भरोसा बचा हुआ है।

अतुल
About the poet

अतुल

नई पीढ़ी के कवि-लेखक।

View profile & all 13 Poems / Stories