झूम्ब - आत्मा रंजन

Atama Ranjanआत्मा रंजन18 Mar 1971

10 min read · 12.4K reads

आखिरी बस ने उतारा था उस रोज़
जब पहाड़ी के उस तरफ
गाँव के आखिरी छोर पर
और अचानक बरसने लगी थी बरसात
कि लेनी पड़ी यकायक
जसोदा ताई के छज्जे की शरण
बैठ बेटा चाय पानी कर ले–
के उसके मीठे आग्रह को
ढलती शाम और डेढ़ मील सफ़र के हाथों
पड़ा था जब टालना
तो अभावग्रस्त बूढ़ी ताई ने
भरपूर झिझक के साथ थमा दी थी
बारिश के खिलाफ अपनी झूम्ब

काव्य स्मृतियों में / काव्य निर्मितियों में
अटकी और अटी रह गई
धँसी रह गई कहीं गहरे
वह मासूम झिझक और
जसोदा ताई की वह झूम्ब!

यह कुछ न दे सकने की स्थिति में
खूब-खूब दे डालने का किस्सा है
यह देने की क्षमता से कहीं आगे
देने की भावना का किस्सा है
कुछ इसी तरह की तो है
झूम्ब की भी वृति और निर्मिति भी

अनाज या जिन्स के खाली बोरे को
एक कोने से दूसरे तक धंसा कर
सरल साधारण-सी बनावट में
रच दी जाती है झूम्ब
और बरसाती की शक्ल में
एक सरल-सा उपाय
बौछारों के खिलाफ
ओढ़ने ढंकने को तैयार

छाता न होने की विवशता के आसपास
एक असहाय के लिए सहाय बनती हुई
असहायता पर एक स्वाभिमानी जीत की तरह
प्रकट होती है झूम्ब
बौछारों के खिलाफ एक प्रकट साहस
साधन सुविधाओं के निपट रीत-चूक जाने पर
एक बंजर रेगिस्तान में उग आई
एक संभावना है झूम्ब

अपनी आधुनिक बनावट पर
लाख इतराता फिरे छाता
जानती है झूम्ब
आत्मीय ऊष्मा को समेटने की
कहाँ है उसके पास तमीज़
बखूबी जानती जसोदा ताई
कि विवशता मात्र नहीं है झूम्ब
ढीठ बरसात नहीं लेती जब रुकने का नाम
और हुंकारती ही जाती खूँटे पर बछिया
अकर्मण्य हाथों के साथी
तमाम छाते हो जाते फिर विफल
लगी बरसात में झूम्ब ही दे पाती
दराती पर चलते हाथों का साथ
यूँ झूम्ब ने चुना हमेशा
कर्मशील हाथों का ही साथ!

एक स्वाभिमानी परचम की तरह
लहरा रही है झूम्ब सदियों से
इस बात की तसदीक करती हुई
कि अपने पूर्व परिभाषित उपयोग तक
महदूद नहीं होती हैं चीज़ें
साधारण बनावट इस बोरी की तरह
एक मददगार उपयोग और उपाय की
कहीं भी हो सकती है संभावना
न होने में भी होना
एक सहाय, सम्बल, साहस का
हमारे आस-पास ही अदृश्य कहीं
एक मुकम्मल समाधान है झूम्ब!
Atama Ranjan
About the poet

Atama Ranjan आत्मा रंजन

युवा कवि आत्मा रंजन का नाम किसी परिचय का मोहताज नहीं है। काव्य-रूप में ढालने के लिए विषयों के चुनाव से ले कर कविता की भाषा और शिल्प तक में आत्मारंजन और कवियों से बिल्कुल अलग खड़े नजर आते हैं। बिना किसी बडबोलेपन के सीधे-सीधे अपनी बात कहने के पक्षधर आत्मा रंजन स…

View profile & all 32 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

मुनव्वर राना के शेरअब जुदाई के सफ़र को मिरे आसान करोतुम मुझे ख़्वाब में आ कर न परेशान करो— मुनव्वर रानाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयामैं मोहतरम हुआ तो ज़माने से कट गया— मुनव्वर रानाकुछ नहीं चाहने वाली लड़कीसोलह की यह लड़की दो-तीन साल पहले तकपेड़-पौधों पर रखती थी पाँव— ऐश्वर्य राजप्रतिज्ञाप्रतिज्ञाएँ बहा दो पानी में लड़कीप्रतिज्ञाएँ बहाओ पानी में;— बीरेंद्र चट्टोपाध्यायजन्मभूमि आजएक बार धरती की तरफ़ देखोलोगों की तरफ़ देखों एक बार।— बीरेंद्र चट्टोपाध्यायमेरे देश मेंमेरे देश मेंजहाँ बारिश की थकी हुई बूँदें अपनी कुबड़ी पीठ पर— हुकुम ठाकुर