हाँडी - आत्मा रंजन

Atama Ranjanआत्मा रंजन18 Mar 1971

5 min read · 12.4K reads

जानती हो तुम कि काठ की हाँडी
एक बार ही चढ़ती है
मंज़ूर नहीं था तुम्हें शायद
यूँ एक साथ चढ़ना
और जल जाना निरर्थक
इसलिए चुन ली तुमने
एक धातु की उम्र
धातु को मिला फिर
एक रूप एक आकार
हाँडी, पतीली, कुकर, या कड़ाही जैसा
मैं जानना चाहता हूँ
हाँडी होने का अर्थ
तान देती है जो ख़ुद को लपटों पर
और जलने को
पकने में बदल देती है

सच-सच बताना
क्या रिश्ता है तुम्हारा इस हाँडी से
माँजती हो इसे रोज़
चमकाती हो गुनगुनाते हुए
और छोड़ देती हो एक हिस्सा
जलने की जागीर सा खामोशी से

कोई औपचारिक सा ख़ून का रिश्ता मात्र
तो नहीं जान पड़ता
गुनगुनाने लगती है यह
तुम्हारे संग एक लय में
खुद्बुदाने लगती है
तुम्हारी कड़छी और छुवन मात्र से
उठाने लगती है महक
उगलने लगती है
स्वाद का रहस्य

खीजती नहीं हो कभी भी इस पर
न चढ़ पाने का दु:ख यद्यपि
साझा करती है यह तुम्हारे संग
और तुम इसके संग
भरे मन और ख़ामोश निगाहों से

सच मैं जानना चाहता हूँ
कैसा है यह रिश्ता?
Atama Ranjan
About the poet

Atama Ranjan आत्मा रंजन

युवा कवि आत्मा रंजन का नाम किसी परिचय का मोहताज नहीं है। काव्य-रूप में ढालने के लिए विषयों के चुनाव से ले कर कविता की भाषा और शिल्प तक में आत्मारंजन और कवियों से बिल्कुल अलग खड़े नजर आते हैं। बिना किसी बडबोलेपन के सीधे-सीधे अपनी बात कहने के पक्षधर आत्मा रंजन स…

View profile & all 32 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like