प्रेम की हूक (घनाक्षरी छंद) - आशुतोष द्विवेदी

आशुतोष द्विवेदीआशुतोष द्विवेदी2 Sept 1982

8 min read · 12.4K reads

प्रसंग: - कृष्ण मथुरा जा चुके हैं | बहुत दिन बीत गए हैं | अचानक एक दिन राधा को प्रेम की तेज़ हूक उठती है और वह अपनी सखियों से कहती है... ।

श्याम रंग में रंगे बरसने लगे जो मेघ,
रिमझिम बाँसुरी की तान लगने लगी ।
वायु में भी कृष्ण की हँसी सुनाई दे रही है,
सृष्टि साँवरे का परिधान लगने लगी ।
कल रात मोहन जो सपने में आया सखी !
जीवन से कोई पहचान लगने लगी ।
जाने किस आसन पे मुझको बिठा दिया कि
धरती ये धूरि के समान लगने लगी ।।१।।

रागिनी थिरक उठी आज मेरे अधरों पे,
जैसे बही मलय-बयार मरुथल से ।
अंग-अंग में सखी री ! दामिनी मचल उठी,
खिल गए व्याकुल नयन भी कमल से ।
जिस पल साँवरे ने निंदिया चुरा ली मेरी,
भावना को चैन नहीं आए उस पल से ।
बाँध गया मन को कि मोह नहीं टूटता है,
छलिया ने बाँसुरी बजाई बड़े छल से ।।२।।

रोम-रोम दोहरा रहा है श्याम-श्याम आज,
बन में पपीहा जैसे बोलता पिया-पिया ।
सारा खेद, सारी पीर, अँखियों का सारा नीर,
मोहन कि एक मुस्कान में भुला दिया ।
नेह का ये तीर कब भावना के पार हुआ,
आज तक इसको समझ न सका हिया ।
माखन चुराने वाले जसुदा के लाडले ने,
जाने किस पल मेरे मन को चुरा लिया ।।३।।

अँखियों में साँवरा है, बतियों में साँवरा है,
सारी भूमि श्याम का निवास लगने लगी ।
किन्तु बोलते ही बोलते जो रोई राधा रानी,
पावस में जैसे मधुमास लगने लगी ।
सोचती हैं गोपियाँ कि हर्ष के प्रसंग बीच,
राधिका क्यों इतनी उदास लगने लगी ।
प्रेम की पिपासिता का मन कैसे तृप्त होगा !
देख नदिया को फिर प्यास लगने लगी ।।४।।
आशुतोष द्विवेदी
About the poet

आशुतोष द्विवेदी

View profile & all 17 Poems / Stories

More from आशुतोष द्विवेदी

  1. सरस्वती-वंदना - आशुतोष द्विवेदी

    कमलासना, हे सौम्यरूपा, रुचिर-वीणा-वादिनी ।माला-स्फटिक-शुभ-शोभिता, परमेश्वरी, आल्हादिनी ।

    12.4K reads
  2. आठ मुक्तक - आशुतोष द्विवेदी

    1.याद से जाते नहीं, सपने सुहाने और तुम ।

    12.4K reads
  3. यहाँ ख़ामोश नज़रों की गवाही कौन पढ़ता है ? - आशुतोष द्विवेदी

    यहाँ ख़ामोश नज़रों की गवाही कौन पढ़ता है.मेरी आँखों में तेरी बेग़ुनाही कौन पढ़ता है.

    12.3K reads
  4. मन में भावों की सरिता - आशुतोष द्विवेदी

    मन में भावों की सरिता जब अपनी गति से बलखाती हैमैं कविता करता नहीं और कविता खुद ही हो जाती है

    12.4K reads
  5. आज बाध्य हर विचार है - आशुतोष द्विवेदी

    भाव-भाव सुप्त, आज बाध्य हर विचार हैहम हुए असभ्य, हुआ लुप्त सदाचार है

    12.4K reads

More Poetry & Stories You May Like