कंठ की गुलेल से
वह जो छूटा हुआ एक शब्द है
कँटीले तारों के पार जाता है
मर्मस्थल से निकली
वह जो एक यातनादीप्त चीख़ है
अनंत में लिखती है एक मृत्युलेख
गाढ़े अँधेरे में देहों के बीच
वह जो एक चुप्पी है निथरती हुई
आत्माओं में रिसती है
लगातार गूँजती हुई
वह जो शोकसभा में एक हँसी है दुर्निवार
आदिम संदेह से भर देती है दिशाओं को
सब एक-दूसरे को देखते हैं
और एक-दूसरे से बचते हैं
और जो नहीं रहा
इस तरह रह जाता है
सबके बीच








