मैं भीड़ में शामिल
वो हत्यारा हूँ
जिसने पत्थर तो नहीं उठाया
किंतु ख़ामोश खड़ा रहा
मैं पंक्ति में खड़ा
वह नास्तिक हूँ
जो शामिल है आडंबरों में
रिवाजों के नाम पर
मैं फ़साद के विरुद्ध
वह सेक्युलर हूँ
जो सौहार्द के पक्ष में खड़ा है—
जातीय दंभ के साथ।
दरअसल
भीतर से डरा हुआ
मैं वह व्यक्ति हूँ
जो विद्रोह किए बग़ैर
क्रांति चाहता है।








