नया गणित

Asghar Wajahatअसग़र वजाहत

10 min read · 12.6K reads

चुनाव से चंद महीने पहले मंत्री महोदय अपने चुनाव क्षेत्र में इस तरह आये जैसे मस्त और घबराया भैंसा लगातार खेदे जाने के बाद बाड़े में घुसता है, यानी बाड़े में तूफान आ गया, छोटे-मोटे जानवर तो इधर-उधर दुबक गये कि मस्त और पागल भैसें की नजर उन पर न पड़ जाये, कुछ जानवर किनारे हो गये कि करने दो साले को जो करता है।

मंत्रीजी पूरे चार साल सात महीने सोते रहे थे, फिर उनकी नींद हाईकमान की डांट से खुली तो आंखें मलते-मलते चुनाव क्षेत्र में पहुंच गये थे। अकेले नहीं आते थे, क्योंकि वे जानते थे अकेला चना भाड़ नहीं फोड़ता। उनकी अमरीकी पत्नी साथ थी, दोनों बच्चे साथ थे, भोलू रसोइया सहित तीन नौकर थे। दो कुत्ते थे और मंत्रीजी के अपने कार्यालय के लोग तो थे ही थे। इतनी तैयारियों से आने का मतलब ही था वे चुनाव सिर्फ जीतने आये हैं।

छोटे-से शहर के छोटे-से वीरान स्टेशन पर जब वातानुकूलित प्रथम श्रेणी डिब्बे में मंत्री महोदय निकले तो बाहर भीड़ जमा थी। जिले के कुल सरकार अधिकारी थे, कुल जमा छः फैक्टरियों के मालिक और उनका अम्ला था। पुलिस थी, और कुछ साधारण राह चलते थे। बाकी सब तो मंत्री की लल्लो-चप्पो में लग गये थे लेकिन जनता मंत्री महोदय की पत्नी तथा कुत्तों में रुचि ले रही थी। मंत्रीजी ने जनता की नजरों को ताड़ लिया, इसलिए सीधे सिंचाई विभाग के विश्राम-गृह की ओर प्रस्थान कर गये। सिंचाई विभाग का विश्राम-गृह पहले से ही तैयार था, वहां रहने वाले चौकन्ना थे, मंत्रीजी के स्टाफ ने उन्हें और चौकन्ना कर दिया। केयर टेकर को ड्यूटी कुत्तों पर लगा दी गयी, चौकीदारों को साग-सब्जी खरीदने पर लगाया गया।

नहा-धोकर चाय-वाय पीने के बाद मंत्री महोदय उस हाल में आ गये जहां जिलाधिकारी बैठे दो घंटे से उनकी प्रतीक्षा में हनुमान चालीसा पढ़ रहे थे। मंत्री जी आते ही बोले, ‘‘हमने कहा था जिले के अधिकारियों की सूची हम देखना चााहते हैं, वो बना लाये हो’

जिलाधिकारी ने ‘यस सर’ कहने से पहले ही सूची उनके हाथ में पकड़ा दी। उन्होंने सूची पर निगाह डालते हुए हाथ जिलाधिकारी की तरफ बढ़ाया। जिलाधिकारी समझ गये कि वे पेन मांग रहे हैं, जिलाधिकारी ने फौरन पेन उनके हाथ में दे दिया। मंत्री महोदय ने हर नाम को पढ़ना शुरू किया, और फिर किसी नाम के आगे उन्होंने टी. लिखा, किसी ने आगे वी. किसी के आगे पी. किसी के आगे एम. और किसी के आगे के. और किसी के आगे एस.टी. आदि लिखते चले गये। जिलाधिकारी शुरू में तो यह रहस्य समझ नहीं पाये, पर जब स्वयं उनके नाम के आगे मंत्री महोदय ने टी, लिखा तो बात उनकी समझ में आ गयी। कुछ क्षण तक गिनती करने के बाद मंत्री महोदय बोले, ‘‘क्या ये चीफ सेक्रेटरी चाहते हैं, हम चुनाव हार जायें’

‘‘जी सर’

‘‘जिले के सोलह अधिकारियों में ‘हमारे’ कितने आदमी है’

‘‘जी सर’

‘‘क्या जी सर, जी सर कर रहे हो...हमें चुनाव के लिए यहां अपनी विरादरी के अधिकारी चाहिए होंगे...समझे...’

‘‘जी सर...’’

‘‘यहां हाल ये है कि जिले के सोलह अधिकारियों में केवल तीन ही ब्राह्मण हैं...चीफ सेक्रेटरी को फोन मिलाओ’’

दूसरी जाति-बिरादरी के अधिकारी धक्के मारकर बाहर कर दिये और मंत्री महोदय ने ‘अपने’ लोगों को बुलवा लिया। जिलाधिकारी भी चलता किये गये और एस.पी. भी बदल गये। यह काम इतनी तेजी से हुआ कि पूरे जिले में कभी इतनी तेजी से कुछ न हुआ था।

शतरंज की ये चाल चलने के बाद मंत्री महोदय ने बड़े स्तर पर जनसम्पर्क बनाने की योजना बनायी। उन्होंने हर अफसर को यह मौखिक आदेश दिया कि उनके दौरों में हर अफसर अपनी गाड़ी लेकर उनके साथ रहेगा। इसके अलावा उन्होंने छः फैक्टरियों के मालिकों से कहा कि हर फैक्टरी से कम-से-कम दो-दो गाड़ियां हर दौरे में उनके साथ जायेंगी पुलिस ने कहा किकम-से-कम चार जीपें उनके साथ चला करेंगी मतलब यह कि अब छोटे-से शहर की पतली-पतली सड़कों से मंत्री महोदय की सवारी गुजरती थी तो तीस-चालीस मोटरों और जीपों की आवाज से ही लोग सहम जाते थे। जिस गांव में इतनी गाड़ियां और लोग पहुंच जाते वहां मंत्री महोदय का ऐसा आतंक जमता कि मजा आ जाता, और फिर मंत्री महोदय खुलकर मदद करते। जिन कामों को पिछले साढ़े चार सालों से इसी दिन के लिए रोका गया था, वो तत्काल हो जाते और मंत्री महोदय की जय-जयकार होने लगती।

सबसे अधिक सम्मानित और उपयोगी नागरिकों से जनसम्पर्क स्थापित करने के लिए उन्होंने पुलिस का सहारा लिया। यह पुलिस का अधिकार क्षेत्र था इस कारण यह कार्य किसी और विभाग को नहीं सौपा जा सकता था। पुलिस रात में बारह बजे के बाद विश्राम-गृह के पिछले गेट से अति विशिष्ट नागरिकों को अन्दर लाती थी, मंत्रीजी भेंट होती थी, शिकवे-गिले किये जाते थे, आश्वासन लिये जाते थे, गले-मिललव्वल होती और रात ही रात अति विशिष्ट नागरिक बीहड़ों, जिलों या दीगर अड्डों तक पहुंच जाते थे।

शहर के सामान्य नागरिकों को उन तक लाने के लिए भी उनके एजेंट छुटे हुए थे, कुछ औरतें छुटी हुई थीं, जो मंत्री महोदय को विदेशी पत्नी ‘मारग्रेट भारती’ का प्रचार कर रही थीं। कुछ बच्चे छुटे हुए थे जो मंत्रीजी के बच्चों, अखिल भारती और अनूषा भारती का प्रचार कर रहे थे। कुछ ड्राइवरऔर रसोइये और नौकर छुटे हुए थे जो मंत्रीजी के ड्राइवरों, रसाइयों और नौकरों का प्रचार कर रहे थे।

वैसे अब शहर के अधिकारियों में सब ही मंत्री जी की जाति के अफसर थे लेकिन एक-दो किन्हीं मजबूरियों की वजह से रुके रह गये थे। उनमें एक वन अधिकारी गोपालसिंह भी थे। गोपालसिंह या उनके जैसे एक-दो अन्य अधिकारियों को मंत्री महोदय ने कुछ उदाहरण पेश करने के लिए रख छोड़ा था। ‘इन’ एक-दो अधिकारियों का अपमान करके मंत्री महोदय अन्य अधिकारियों तथा नागरिकों में अपना आतंक जमाये रखते थे। उदाहरण के लिए एक दिन लगभग बीस-पच्चीस सम्मानित नागरिकों तथा आठ दस अफसरों के सामने वन अधिकारी गोपालसिंह और मंत्री के बीच ऐसे संवाद हुए-

मंत्रीः तुम बरेठा वाली मीटिंग में क्यों नहीं आये

गोपालसिंह : सर, मैं पहुंचा था, पर तब तक आपकी मीटिंग खत्म होचुकी थी।

मंत्रीः क्या तुम वहां दरी उठाने पहुंचे थे

गोपालसिंह : जी, मेरी जीप खराब हो गयी थी।

मंत्रीः अब कभी मेरी मीटिंग में आ रहे हो और जीप खराब हो जाये तो जीप सिर पर उठाकर दौड़ते हुए समय से मीटिंग में पहुंचना।

गोपालसिंह : यस सर।

मंत्रीः बाबरपुर में प्लान्टेशन तो हुआ नहीं, तुमने झूठी रिपोर्ट दी है।

गोपालसिंह : नही सर हुआ है।

मंत्रीः तुम्हें वन अधिकारी किसने बना दिया है। तुम तो क्लर्क बनने लायक भी नहीं...तुम्हारे ऊपर भ्रष्टाचार के आरोप हैं।

गोपालसिंह : सर!

मंत्रीः क्यों मेरा सिर खाये जा रहे हो...जिले में नहीं रहना चाहते क्या

गोपालसिंह : सर!

मंत्रीः जाओ...मैंने किसी भी मीटिंग में तुम्हें ने देखा तो अरुणाचल प्रदेश में नजर आओगे...समझे।

गोपालसिंह : यह सर।

मंत्रीः गेट आउट।

मंत्री महोदय को विदेशी पत्नी ‘मारग्रेट भारती’ ने शहर की सम्मानित महिलाओं को चाय पर बुलाया। निमंत्रण-पत्र दिल्ली से छपकर गये थे। एक ओर अंग्रेजी में, दूसरी ओर हिंदी में, नीचे ‘मारग्रेट भारती’ का नाम लिखा था। निमन्त्रण-पत्र देखकर छोटे शहर के अफसरों की बीवियों की आंखें फैल गयीं। लड़कियों के स्कूलों-कालिजों की प्राध्यापिकाओं के मुंह खुले-के-खुले रह गये। व्यापारियों और बनियों की महिलाओं पर अपने सम्मानित होने का दौरा पड़ गये। सभा-सोसाइटी तथा क्लब आदि में जानेवाली महिलाओं की बोलती बंद हो गयी। शहर की दो-चार लेडी डॉक्टरों की सिट्टी-पिट्टी गुम हो गयी।

ये सब चल ही रहा था कि मंत्री महोदय के मुंह लगे रसोइये भोलू ने छोटे शहर को चमत्कृत कर दिया। यानी अच्छे-अच्छों की हवा निकाल दी। हुआ यह कि शहर के छोटे-मोटे नेताओं को मंत्री महोदय से मिलने का जुगाड़ भिड़ाने में रसोइये भोलू की सेवा-टहल करनी पड़ती थी। यह तो खैर एक साधारण बात थी। लेकिन एक दिन एक औसत दर्जे के छुटभइया नेता रसोई में भोलू से बातें कर रहे थे। बात करते-करते कहने लगे, ‘‘भोलू भाई, मंत्रीजी इस चुनाव में जीतने के बाद आपको दिल्ली के किसी फाइव स्टार होटल में ‘हैड कुक’ तो बना ही देंगे।’’ राटी डालते-डालते भोलू रुक गया, उसने आंखें तरेरकर छुटभइया नेता की तरफ देखा और तड़पकर बोला, ‘‘आप क्या समझते हैं हम रसोइया हैं’

इस सवाल का छुटभइया नेता क्या जवाब देते, चुप-से रहे। उत्तर में भोलू ने कहा, ‘‘सात साल से एम.एल.ए. का टिकट पाने के लिए रोटियां डाल रहा हूं...अबकी पक्का है।’’

इतना सुनना था कि छुटभइया नेता बेहोश हो गये, उन्हें लाद-लूदकर घर ले जाया गया। जब वे होश में आये तो उन्होंने शहर के दो-चार छोटे और मझोले नेताओं के सामने पूरा किस्सा बयान किया। सबने दांतों तले हाथ दबा लिये। एक मझोले नेता ने कहा, ‘‘भइया हमारी गणित तो फेल हो गयी।’’

चतुर नेता बोले, ‘‘भइया, अब की राजनीति में दो और दो चार नहीं होते...बाईस होते हैं।’’

तीसरे नेता ने कहा,‘‘यही ‘मार्डन मैथेमेटिक्स’ कहलाती है। हम लोग इससे पार न पा सकेंगे।’’

उन सबने ठंडी सांसे भरीं। उधर भोलू के फुल्कों से गरम-गरम भाप निकल रही थी।

Asghar Wajahat
About the poet

Asghar Wajahat असग़र वजाहत

Syed Asghar Wajahat, popularly known as Asghar Wajahat (born 5 July 1946), is a Hindi scholar, fiction writer, novelist, playwright, an independent documentary filmmaker, and a television scriptwriter, who is most known for his work, 'Saat Aasmaan' and his ac…

View profile & all 18 Poems / Stories

More from Asghar Wajahat

  1. शाह आलम कैम्प की रूहें

    शाह आलम कैम्प में दिन तो किसी न किसी तरह गुज़र जाते हैं लेकिन रातें क़यामत की होती है। ऐसी नफ़्स़ा नफ़्स़ी का अलम होता है कि अल्ला बचाये। इतनी आवाज़े होती हैं कि कानपड़ी आवाज़ नहीं सुनाई देती, चीख-पुकार, शोर-गुल, रोना, चिल्लाना, आहें सिसकियां. . .रात के वक्त़ रूहें अपने बाल-बच्चों से मिलने आती हैं। रूहें अपने यतीम बच्चों के सिरों पर हाथ फेरती हैं, उनकी सूनी आंखों में अपनी सूनी आंखें डालकर कुछ कहती हैं। बच्चों को सीने से लगा लेती हैं। ज़िंदा जलाये जाने से पहले जो उनकी जिगरदोज़ चीख़ों निकली थी वे पृष्ठभूमि में गूंजती रहती हैं। सारा कैम्प जब सो जाता है तो बच्चे जागते हैं, उन्हें इंतिजार रहता है अपनी मां को देखने का. . .अब्बा के साथ खाना खाने का। कैसे हो सिराज, 'अम्मां की रूह ने सिराज के सिर पर हाथ फेरते हुए कहा।'

    12.8K reads
  2. मैं हिन्दू हूँ

    ऐसी चीख कि मुर्दे भी कब्र में उठकर खड़े हो जाएं। लगा कि आवाज़ बिल्कुल कानों के पास से आई है। उन हालात में. . .मैं उछलकर चारपाई पर बैठ गया, आसमान पर अब भी तारे थे. . .शायद रात का तीन बजा होगा। अब्बाजान भी उठ बैठे। चीख फिर सुनाई दी। सैफ़ अपनी खुर्री चारपाई पर लेटा चीख रहा था। आंगन में एक सिरे से सबकी चारपाइयां बिछी थीं।लाहौलविलाकुव्वत. . . अब्बाजान ने लाहौल पढ़ी

    12.8K reads
  3. तमाशे में डूबा हुआ देश

    मैं पहले कहानियाँ लिखा करता था। अब मैंने कहानियाँ लिखना छोड़ दिया है क्योंकि कहानी लिखने से कोई बात नहीं बनती। झूठे सच्चे पात्र गढ़ना, इधर उधर की घटनाओं को समेटना, चटपटे संवाद लिखना, अपनी पढ़ी हुई किताबों की जानकारियों और अपने ज्ञान को कहानी में उलट देने से क्या होता है? मैं अपने दूसरे कहानीकार मित्रों को सलाह देता हूँ कि वे कहानी वहानी लिखने का काम छोड़ दें। हमारे इस देश में जहाँ रोज, हर पल, हर जगह कहानी से ज्यादा निर्मम घट रहा हो वहाँ कहानी लिखना बेकार की बात है। अपने चारों तरफ निगाह उठा कर देखिए, आपको बिखरी पड़ी कहानियाँ देख कर अपने कहानीकार होने पर शर्म आएगी जो मुझे आ चुकी है और मैंने कहानियाँ लिखना बंद कर दिया है। लेकिन चूँकि लिखने की आदत पड़ चुकी है और लिखे बिना चैन भी नहीं आता इसलिए सोचा है मैं कहानियाँ न लिख कर 'वाक्या' लिखा करूँगा। 'वाक्या' उर्दू का शब्द है जिसका मतलब 'घटना' निकाला जा सकता है लेकिन शायद बात पूरी बनेगी नहीं। 'वाक्या' किसी ऐसी सच्ची घटना का विवरण कहा जा सकता है जो रोचक, नाटकीय और मनोरंजक हो। केवल घटना मात्र न हो। अगर मैं आपको सिर्फ घटनाएँ सुनाने लगूँगा तो उसमें कुछ मजा न आएगा और आप मुझे बेवकूफ और मूर्ख समझ कर पढ़ना बंद कर देंगे। हो सकता है यह काम आप 'वाक्या' सुनने के बाद भी करें लेकिन मुझे अब भी उम्मीद है कि और कुछ करें या न करें 'वाक्ये' को सुन लेंगे। यह सच्चा वाक्या है। बहरहाल सच्चाई तो वैसे भी सामने आ जाएगी। मेरे कहने से न सच झूठ हो सकता है और न झूठ सच हो जाएगा।हमारे ही देश के एक शहर में एक आदमी गायब हो गया और दो कुत्ते के पिल्ले गायब हो गए। मैं शहर का नाम नहीं बताऊँगा क्योंकि वाक्यानिगार होने का यह मतलब नहीं है कि मैं लोगों का दिल दुखाऊँ और अपना जीना हराम कर लूँ। आप जानते ही हैं कि आज हमारे अहिंसक देश में हर तरह की हिंसा तरक्की पर है। पहले जो बात तू तू मैं मैं पर खत्म हो जाती वह अब हत्या का कारण बन जाती है। अब तो हत्यारों का सम्मान होता है। मैं जिस इलाके का रहनेवाला हूँ वहाँ जिसने जितनी हत्याएँ की होती हैं उसका उतना सम्मान होता है। यही कारण है कि आज तक मेरे इलाके में मेरा सम्मान नहीं हो सका है क्योंकि मैं मक्खी मारने लायक भी नहीं हूँ। सम्मान के मानदंड बदल गए हैं। इसे साबित करने के लिए मिसाल के लिए एक और वाक्या भी है। विधान सभा के चुनाव हो जाने के बाद कुछ नेतागण विधायक कैंटीन में बैठे बातचीत कर रहे थे और सब एक दूसरे से पूछ रहे थे कि आपने कहाँ से 'कंटेस्ट' किया था। ध्यान दें कि उनमें लोकतंत्र की भावना कितनी प्रबल थी। वे हारने या जीतने की बात नहीं कर रहे थे, केवल 'कंटेस्ट' करने की बात कर रहे थे। सबने बताया कि उन्होंने कहाँ कहाँ से 'कंटेस्ट' किया है। एक आदमी से पूछा गया तो उसने कहा कि मैंने कहीं से 'कंटेस्ट' नहीं किया है। सब उसे देख कर हैरत में पड़ गए और कहा, जाइए जा कर काउंटर से छह चाय ले आइए।

    13.1K reads
  4. ज़ख़्म

    बदलते हुए मौसम की तरह राजधानी में साम्प्रदायिक दंगों का भी मौसम आता है। फर्क इतना है कि मौसमों के आने-जाने के बारे में जैसे स्पष्ट अनुमान लगाए जा सके हैं वैसे अनुमान साम्प्रादायिक दंगों के मामले में नहीं लगते। फिर भी शहर यह मानने लगा है कि साम्प्रदायिक दंगा भी मौसमों की तरह निश्चित रूप से आता है। बात इतनी सहज-साधारण बना दी गई है कि साम्प्रदायिक दंगों की खबरें लोग इसी तरह सुनाते हैं जैसे गर्मी बहुत बढ़ गई है या अबकी पानी बहुत बरसा जैसी खबरें सुनी जाती हैं। दंगों की खबर सुनकर बस इतना ही होता है कि शहर का एक हिस्सा कर्फ्यूग्रस्त हो जाता है। लोग रास्ते बदल लेते हैं। इस थोड़ी-सी असुविधा पर मन-ही मन कभी खीज जाते हैं, उसी तरह जैसे बेहतर गर्मी पर या लगातार पानी बरसने पर कोफ्त होती है। शहर के सारे काम यानी उद्योग, व्यापार, शिक्षण, सरकारी काम-काज सब सामान्य ढंग से चलता रहता है।मंत्रिमंडल की बैठकें होती हैं। संसद के अधिवेशन होते हैं। विरोधी दलों के धरने होते हैं। प्रधनामंत्री विदेश यात्राओं पर जाते हैं, मंत्री उद्घाटना करते हैं, प्रेमी प्रेम करते हैं, चोर चोरी करते हैं। अखबार वाले भी दंगे की खबरों में कोई नया या चटपटापन नहीं पाते और प्रायः हाशिए पर ही छाप देते हैं। हाँ, मरने वालों की संख्या अगर बढ़ जाती है तो मोटे टाइप में खबर छपती हैं, नहीं तो सामान्य।

    12.9K reads
  5. केक

    उन्होंने मेज़ पर एक ज़ोरदार घूँसा मारा और मेज़ बहुत देर तक हिलती रही। 'मैं कहता हूं जब तक ऐट ए टाइम पाँच सौ लोगों को गोली से नहीं उड़ा दिया जायेगा, हालात ठीक नहीं हो सकते।' अपनी खासी स्पीकिंग-पावर नष्ट करके वह हाँफने लगे। फिर उन्होंने अपना ऊपरी होंठ निचले होंठ से दबाकर मुझे घूरना शुरू किया। वह अवश्य समझ गये थे कि मैं मुस्करा रहा हूं। फिर उन्होंने घूरना बंद कर दिया और अपनी प्लेट पर पिल पड़े।रोज़ ही रात को राजनीति पर बात होती है। दिन के दो बजे से रात आठ बजे तक प्रूफ़रीडिंग का घटिया काम करते-करते वह काफ़ी खिसिया उठते हैं।

    14.2K reads