एक संपूर्ण देश मरम्मत कर रहा है रास्तों की—
काली ज़मीन पर सफ़ेद सरल रेखा के अक्षरों को
मैं लिखना चाहता था
धीरे-धीरे घास वाली ज़मीन पूरी तरह से हरी हो चली,
वहाँ कोई भी नहीं रखता है पाँव!
चाँदी वाले पोखर के किनारे जो आते हैं मछलियाँ पकड़ने
चूँकि मछली पकड़ना एक खेल है —
वे फिर मछली को पानी में छोड़ जाते हैं।
चाँदी वाले पोखर के किनारे जो दौड़ रहे हैं
वे वज़न घटाने को आतुर हैं
नारियों की जंघाओं में भरे हैं
स्विमिंग पूल के चारों किनारे
धूप वाली कुर्सी में तीव्र रूप से जागना शिश्न का
पार करता है हमारी जुदाई-इच्छाओं को—
यहाँ कोई भी बारिश को मिलीमीटर में नहीं नापता
दूध उबलने पर कोई रोता नहीं
यहाँ ख़ुशबू का भी व्यापार होता है!
यहाँ हृदय में कोई भीड़ नहीं होती
कुछ रोगियों को वाद्य सुनाई नहीं देते—
मूल रूप में मौलिक है अँधेरा, छः या सात चेहरे—
नाश्ते में कोई संयम बरता नहीं जाता!








