आज का दिन बहुत ख़राब रहा
आज मैंने बहुत डरावना संसार देखा
रोज़ कितने आराम से
चलता चला जाता था दूर तक टहलता
आज क्या हुआ कि घने कुहासे में मेरे पाँव
एक बूढ़ी औरत की लाश में फँस गए
आज मैंने एक बाप को
मरा हुआ बच्चा बिना कफ़न के गंगा में फेंकते देखा
देखा दो लोग एक बाँस की फट्टी में बाँधे
टाँगे चले जा रहे हैं एक कुचला हुआ शव
दिन में कई-कई बार लाश ढोने वाली गाड़ियाँ देखीं
ठीक सड़क के किनारे मैदान में दूर तक देखीं
लाशों की क़तारें ज़मीन पर पारी हुईं
और सैकड़ों लोग चेहरा पहचानते
तुरत-तुरत जन्मा एक नीला बच्चा देखा ट्रे में रखा हुआ
वह किसका बच्चा था याद नहीं
छोटी-बड़ी कई क़ब्रें देखीं तुरत-तुरत भरी गईं गीली
कई ताबूत काले कपड़े में लिपटे
मैंने ज़िंदगी में पहली बार एक मरा हुआ हाथी देखा
लगातार मैं जहाँ कहीं बैठता या ज़ोर से साँस लेता
जलते मांस की गंध सँड़सी की तरह
मेरी नाक में घुसी
एक अजीब आवाज़ रोने की आवाज़ दूर से
किसी सोहर की तरह
कई ढँकी-दबी आवाजें पुआल के भारी बोझ की तरह
एक ही दिन में कितनी उम्र बढ़ गई मेरी
अभी तो दिन बीता भी नहीं!








