शाम

अरुण कमलअरुण कमल15 Sept 1954

1 min read · 12.4K reads

यों ही जब शाम होगी

रोशनी की छाप होगी

धूप तब तक मर चुकी होगी

हवा टुक उतर पेड़ों से हमें चुप घेर लेगी

जल नदी का तै नहीं कर पाएगा कि क्या करे उन खुले पालों का

जब सोचता ठिठका रहेगा फल कि पहले कहाँ से कर दे शुरू पकना

जब इक साँवरी भार देती स्तनों पर खोल देगी पाट दोनों खिड़कियों के

हिलेगा नाक का मीना

मूँद लेगा आँख पोखर गोल नभ में नींद

जब भीड़ होगी पक्षियों की ठीक माथे पर

छिंटेगा एक तारा

और मुँह पर हवा पाँखो की

झोर देगी वृद्ध बरगद को जड़ों तक

जब आख़िरी लड़के गेंद लुढ़काते घरों को फूटते होंगे

ज़ोर की आवाज़ गप की छूटते मज़दूर धाहें ईंट-भट्ठों की

और फिर एकदम सन्नाटा

तब अकेले मैं निकल

फिर उन्हीं घबराई सड़कों पर

तेज़ चल कुछ फिर ठहरता साँस लेने

सोचता कि किधर जाना है

किसी के घर कि किसके घर

कि यों ही...

अरुण कमल
About the poet

अरुण कमल

View profile & all 83 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like