ढूँढ़ते रह जाओगे

अरुण जैमिनीअरुण जैमिनी

2 min read · 12.4K reads

चीज़ों में कुछ चीज़ें

बातों में कुछ बातें वो होंगी

जिन्हें कभी देख नहीं पाओगे

इक्कीसवीं सदी में

ढूँढ़ते रह जाओगे

बच्चों में बचपन

जवानों में यौवन

शीशों में दरपन

जीवन में सावन

गाँव में अखाड़ा

शहर में सिंघाड़ा

टेबल की जगह पहाड़ा

और पाजामे में नाड़ा

ढूँढ़ते रह जाओगे

आँखों में पानी

दादी की कहानी

प्यार के दो पल

नल-नल में जल

संतों की बानी

कर्ण जैसा दानी

घर में मेहमान

मनुष्यता का सम्मान

पड़ोस की पहचान

रसिकों के कान

ब्रज का फाग

आग में आग

तराजू पे बट्टा

और लड़कियों का दुपट्टा

ढूँढ़ते रह जाओगे

भरत-सा भाई

लक्ष्मण-सा अनुयायी

चूड़ी-भरी कलाई

शादी में शहनाई

बुराई की बुराई

सच में सच्चाई

मंच पर कविताई

ग़रीब को खोली

आँगन में रंगोली

परोपकारी बंदे

और अर्थी को कंधे

ढूँढ़ते रह जाओगे

अध्यापक, जो सचमुच पढ़ाए

अफ़सर, जो रिश्वत न खाए

बुद्धिजीवी, जो राह दिखाए

क़ानून, जो न्याय दिलाए

ऐसा बाप, जो समझाए

और ऐसा बेटा, जो समझ जाए

ढूँढ़ते रह जाओगे

गाता हुआ गाँव

बरगद की छाँव

किसानों का हल

मेहनत का फल

मेहमान की आस

छाछ का गिलास

चहकता हुआ पनघट

लंबा-लंबा घूँघट

लज्जा से थरथराते होंठ

और पहलवान का लँगोट

ढूँढ़ते रह जाओगे

कट्टरता का उपाय

सबकी एक राय

डंकल के पंजे में देश आज़ाद

मरने का मज़ा, जीने का स्वाद

नेता जी को चुनाव जीतने के स्वाद

दुर्घटनाओं से रहित साल

गूदड़ी में होने वाले लाल

आँखों में काजल

प्रेम में पागल

साँस लेने को ताज़ा हवा

और सरकारी अस्पताल में दवा

ढूँढ़ते रह जाओगे

आपस में प्यार

भरा-पूरा परिवार

नेता ईमानदार

दो रुपए उधार

कल में आज

संगीत में रियाज़

बातचीत का रिवाज

दोस्ती में लिहाज़

सड़क किनारे प्याऊ

संबोधन में चाचा-ताऊ

ढूँढ़ते रह जाओगे

नेहरू जैसी इज़्ज़त

सुभाष जैसी हिम्मत

पटेल के इरादे

शास्त्री सीधे-सादे

पन्ना धाय का त्याग

राणा प्रताप की आग

अशोक का बैराग

तानसेन का राग

चाणक्य का नीति-ज्ञान

विवेकानंद का स्वाभिमान

इंदिरा गांधी जैसी बोल्ड

और महात्मा गांधी जैसा गोल्ड

ढूँढ़ते रह जाओगे।

अरुण जैमिनी
About the poet

अरुण जैमिनी

सुप्रसिद्ध हास्य कवि।

View profile & all 2 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

उसने मिट्टी को छुआ भर था - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीदर्द औरों का हम - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीमुनव्वर राना के शेरअब जुदाई के सफ़र को मिरे आसान करोतुम मुझे ख़्वाब में आ कर न परेशान करो— मुनव्वर रानाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयामैं मोहतरम हुआ तो ज़माने से कट गया— मुनव्वर रानाकुछ नहीं चाहने वाली लड़कीसोलह की यह लड़की दो-तीन साल पहले तकपेड़-पौधों पर रखती थी पाँव— ऐश्वर्य राजप्रतिज्ञाप्रतिज्ञाएँ बहा दो पानी में लड़कीप्रतिज्ञाएँ बहाओ पानी में;— बीरेंद्र चट्टोपाध्याय