जैसे कोई अभिशप्त मंत्र जुड़ गया हो मेरे नाभि-नाल से
हर पल अभिषेक करता हुआ मेरी आत्मा का
मेरी हर कोशिका से प्रतिध्वनित है उसका ही नाद
उसकी थरथराहट की लपट से जल रही हैं मेरी आँखें
इस धरा के सारे फल मेरे लिए
काट लूँ धरती की सारी लकड़ी
निकाल लूँ एक साथ सारा कोयला
भर दूँ धुएँ से दसों दिशाओं को
मेरी थाली भरी है
कहीं टहनी पर लटके किसी घोंसले के अजन्मे शिशु के स्वाद से
अब चुभता नहीं किसी लुप्तप्राय मछली का कोई काँटा
मेरे समय को
मेरी इच्छा के ज़हरीले नागों की फुत्कार से
नीला पड़ गया है आकाश
जहाँ दम तोड़ गिरती हैं
पक्षिओं की कोई न कोई प्रजाति प्रतिदिन
गुनगुनाता हूँ मोहक क्रूरता के छंद
झूमता हूँ निर्मम सौंदर्य के सामूहिक नृत्य में
भर दी है मैंने सभ्यता की वह नदी शोर और चमक से
जो कभी नदी की ही तरह निर्मल थी
अब तो वहाँ भाषा का फूला हुआ शव है
संस्कृति के बासी फूल
नमालूम आवाज़ में रो रहा है कोई वाद्ययंत्र
मेरे रक्तबीज हर जगह एक जैसे
एक ही तरह बोलते हुए
खाते और गाते और एक ही तरह सोचते हुए
देखो उनकी आँखों में देखो मेरा अमरत्व








