यही दो सच - अरुण आदित्य

अरुण आदित्यअरुण आदित्य

3 min read · 12.4K reads

कई बार साँप को रस्सी समझा है
और रस्सी को साँप
आधी रात में जब भी अचकचा पर टूटी है नींद
अक्सर हुआ है सुबह होने का भ्रम

कई सुहानी सुबहों को रात समझकर
सोते और खोते रहे हैं हम

जो नहीं मिला, उसे पाने की टोह में
बार-बार भटके समझौतों के नार-खोह में
गलत-सही मोड़ों पर कितनी ही बार मुड़े
कितनी ही बार उड़े माया के व्योम में

पर हर ऊँचाई और नीचाई से
मुझे दिखती रही है भूखे आदमी की भूख
और अपने भीतर बैठे झूठे का झूठ
भूख और झूठ दो ऐसे सच हैं
जो बार-बार खींच लाते हैं मुझे अपनी ज़मीन पर |
अरुण आदित्य
About the poet

अरुण आदित्य

View profile & all 31 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like