ख़र्राटे के बेल-बूटे

अर्पण कुमारअर्पण कुमार14 Sept 1977

1 min read · 12.4K reads

निद्रालस रात्रि-पहरों का अपहरण कर लिया

उसके ख़र्राटे ने

करवटों में मेरी रात बीतती चली गई

और अब भोर है

ख़र्राटे भरती वह स्त्री

मेरे पार्श्व में लेटी है

उसका ख़र्राटा मंद कभी अति-मंद

तीव्र कभी अति-तीव्र हो उठता है

हर बनाव शृंगार से परे

उसका ख़र्राटा मनमोहक है

तो क्या हुआ कि

मेरी नींद टूट गई

परमाणुओं के टूटने से अथाह ऊर्जा निकलती है

नींद के असमय यूँ टूट जाने से

यह कविता भी तो संभव हो रही है

देर तक सुनो

तो वह ख़र्राटा

अपनी लय में

कोई नया संगीत रच जाता है,

जिस ख़र्राटे से

नींद टूटी थी

सुनते हुए उसे

फिर नींद आ जाती है,

भोर के पहरों में

रात विभोर हो आ उठती है

तुम्हारी सुबह कितनी देर से होती है

मेरे दाएँ कान के पास

आ रहा है बेहद मद्धम स्त्री-स्वर

मैं नींद में मुस्कुरा देता हूँ

वह मुझपर झुक जाती है

बिस्तर पर फैलता है

प्रेम का उजास

दिनारंभ यूँ होता है।

अर्पण कुमार
About the poet

अर्पण कुमार

View profile & all 59 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like