अपनी बढ़ती ऊँचाई के साथ
बाँस झुकने लगते हैं
काट दिए जाते हैं
उनमें से कई
ग्यारह-बारह फ़ीट की लंबाई में
खड़े होकर समूह में
और उठाकर कॉन्क्रीट
अपने ऊपर
खड़ी कर देते हैं वे
कई-कई मंज़िलें
हमारे घरों की
आज नहीं है कोई प्रसंग
जन्मदिन या पुण्यतिथि का
या कोई और
मगर, याद आ रहे हैं मुझे
मेरे ताऊजी
जिन्होंने गाँव, क़स्बे से
लेकर प्रदेश-राजधानी तक
खड़े किए कई मकान
जब हाज़िर हूँ
रामलखन पथ, पटना के
इस घर में
अदृश्य मगर शामिल बाँसों के बीच
किसी बाँस की ही तरह
वे मुझे खड़े दिखाई दे रहे हैं
अडोल और तने-तने
अदृश्य उपस्थित है हर जगह
परिवार को सुरक्षा देने की
हर कोशिश को
किसी परीक्षा की तरह
देखते रहे ताऊजी
सीने में दबाए कई संकल्प
पसीने से लथपथ
ताऊजी या हों बाँस
अपने आस-पास को
हिफ़ाज़त की देते हैं आस
ताऊजी जब तक रहे
हमारे लिए जिताऊ रहे।








