कमज़ोरी के क्षणों में
साझे किए उनसे
अपने कुछ डर
वे मेरे बेहद निजी डर थे
मुझे क्या मालूम था
आपसी तू-तू, मैं-मैं में
वे ही डर
पाउडर की तरह
मुझपर छिड़के जाएँगे,
समाहित करते हुए
मेरे भय-अध्यायों को
एक मोटी किताब बना दी जाएगी
पुरज़ोर हवाले
दिए जाएँगे जिससे,
मेरी आत्मा पर
उगाए जाएँगे छाले-ही-छाले
मुझपर किए जाएँगे प्रहार
मेरे उन्हीं भय-प्रसंगों से
बताकर अपने डरों के बारे में उन्हें
मैं कुछ हल्का तो हुआ था
क्या पता था
कि बेपरदा होकर घिरने जा रहा हूँ
किसी उभय-संकट में
किसी अनबन में
वे मुझे अनावृत करेंगे
जिन्हें राज़दार बनाया कभी
शामिल हुए वे भी अंततः
मुझे कमज़ोर करनेवालों में
मुझे डरानेवालों में।








