सोए हुए पैर
चप्पलों में घुसने से
इंकार कर देते हैं
सुन्न हुई संवेदनशीलता
किसी का समुचित
स्वागत करना नहीं जानती
पेशाब करने को उद्यत शरीर
दौड़ता है शौचालय की ओर
पैरों को भारी लगता है
इस समय
उत्सर्जन-व्यापार की यह तलब
सबकुछ मुँह के पास चाहते हैं
हाथों की उँगलियों में
रखना चाहते हैं सारे नियंत्रण
सोए हुए पैर
सोफ़े से उठना नहीं चाहते
सोए हुए पैरों के लिए
बनाए गए हैं
दुनिया में
तरह-तरह के रिमोट।








