हाबील चुप है - नज़्म

आरिफ़ा शहज़ादआरिफ़ा शहज़ाद

1 min read · 12.4K reads

कब तलक गेहूँ ककड़ी

प्याज़ और मसूर ही खाते रहें

अपने अज्दाद के

सब गुनाहों का बोझ

अब उठाते रहें

हम जो क़ाबील क़ातिल की

औलाद हैं

जिस तरह के भी हैं

किस की ईजाद हैं

हम ने चक्खा नहीं

कोई जन्नत का फल

हम ने देखा नहीं

अपने अज्दाद का कोई आज और न कल

क्यों उतार गई

हम पे ऐसी ही भूक और प्यास

अनगिनत हम ने अश्जार भी हैं उगाए हुए

फिर भी अज्दाद पर जो उतारी गई धूप

हम भी इसी में जलाए गए

जिस्म का तो हमारा भी साया

और अज्दाद का भी

रहा है हमेशा ही महव-ए-सुजूद

फिर भी हम पर और उन पर

लगाई गई हैं ये कैसी क़ुयूद

किस की क़ुर्बानी को शरफ़ बख़्शा गया

और विरासत का हक़दार ठहरा है कौन

हम ही क़ाबील की कुल कमाई हैं क्यों

इक तमाशा हैं

तो फिर तमाशाई क्यों

वो तो अज्दाद थे

जो उतारे गए थे फ़लक से

मगर ता-क़यामत

ज़मीं पर हमारी ये रुस्वाई क्यों

आरिफ़ा शहज़ाद
About the poet

आरिफ़ा शहज़ाद

View profile & all 26 Poems / Stories