धरती का चक्कर

अर्चना लार्कअर्चना लार्क7 Sept 1988

1 min read · 12.4K reads

धरती का एक चक्कर लगाकर लौटी हूँ

एक कोने से दूसरे कोने तक बीच के रास्ते

छवियाँ साथ चलती रही हैं

एक कपड़े का घर ओस से भीगा हुआ

बच्चे जन्म और मृत्यु के बीच हैं

जिनकी माँ माइनस तापमान से जूझती मर चुकी है

घास-फूस-कपड़े के कई घर किसी और के सपुर्द हो चुके हैं

रात जितनी अँधेरी है उससे ज़्यादा अँधेरी दिख रही है

कुछ दूरी पर एक परिवार

जिसने अनगिनत रिश्तों को अपमानित किया है

घर का लड़का सुदूर यात्राओं पर है

और माँ को अपने सूरज के लिए

किसी चाँद की तलाश है

थोड़ी दूर खड़ी एक बस में भगदड़ मची है

एक लड़की जो निर्वस्त्र कर दी गई है

सड़क पर पीठ के बल पड़ी हुई बेहोश है

एकाएक सारी दुनिया नंगी हो गई है

धरती का एक चक्कर लगा लौट आई हूँ

एक लड़की ने

प्रेम की दुनिया बसाने की ख़ातिर एक प्रस्ताव रखा है

मुहल्ले में उसका नाम शूपर्णखा पड़ गया है

सोचती हूँ अगर कुछ लौटकर आता है

तो पहले उन बच्चों की माँ लौटकर आए

उनके लिए एक घर आए और खाने को रोटी आए

लड़की को उसका प्रेम मिले

जिसमें वह एक संसार बसा सके

मुझे थकने के बाद एक अच्छी नींद मिल सके

कुछ शब्द मिलें जिनके भीतर दुनिया सुंदर लगे।

अर्चना लार्क
About the poet

अर्चना लार्क

View profile & all 35 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like