अफ़सोस के लिए कुछ शब्द - अरविन्द श्रीवास्तव

अरविन्द श्रीवास्तवअरविन्द श्रीवास्तव2 Sept 1964

4 min read · 12.4K reads

हमें सभी के लिए बनना था
और शामिल होना था सभी में

हमें हाथ बढ़ाना था
सूरज को डूबने से बचाने के लिए
और रोकना था अंधकार से
कम से कम आधे गोलार्ध को

हमें बात करनी थी पत्तियों से
और इकट्ठा करना था तितलियों के लिए
ढेर सारा पराग

हमें बचाना था नारियल के लिए पानी
और चूल्हे के लिए आग

पहनाना था हमें
नग्न होते पहाड़ों को
पेड़ों का लिबास
और बचानी थी हमें
परिन्दों की चहचहाट

हमें रहना था अनार में दाने की तरह
मेहन्दी में रंग
और गन्ने में रस बनकर

हमें यादों में बसना था लोगों की
मटरगश्ती भरे दिनों सा
और दौड़ना था लहू बनकर
सबों की नब्ज़ में

लेकिन अफ़सोस कि हम ऐसा
कुछ नहीं कर पाए
जैसा करना था हमें।
अरविन्द श्रीवास्तव
About the poet

अरविन्द श्रीवास्तव

View profile & all 30 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like