कविता जानती है
कि उसकी जवानी मुट्ठी में बंद रेत है
पिछले पाँच ब्रेकअप में तीन तो नादानी में हो गए
चौथा उससे कम उम्र का था
इसलिए शादी के मूड में नहीं था
और पाँचवाँ
बेहतरी के तलाश में
कुछ और कम उम्र की
और कुछ कम फ़्रस्टेटेड लड़की की तलाश में निकल गया
कविता को शुरुआत में जींस बिलकुल भी पसंद नहीं थी
लेकिन उम्र की ढलान आने लगी है
तो उसने जींस पहनना शुरू कर दिया है
उसे ऐसा महसूस होता है
कि इसमें उसकी उम्र कुछ कम लगती है
नितंबों का उभार कुछ और खिलता है
लड़कों के दिल में
उसके लिए प्यार कुछ और खिलता है
बालों की स्ट्रेटनिंग
और मेकअप ने तीस से छब्बीस तो बना ही दिया है
लेकिन सोच पर उम्र का असर तो आ ही जाता है
अबकी बार जो भी मिलेगा
मज़ा लेकर निकल जाने नहीं देगी कविता
पहले पूछेगी
शादी तो करोगे न
सुनो
मैं उस टाइप की लड़की नहीं हूँ
एक ज़िस्म भर नहीं हूँ मैं
सिर्फ़ फ़िल्में देखने
और साथ घूमने वाली भी नहीं हूँ
मैं सब समझती हूँ
सब जानती हूँ
कविता ने एक लिस्ट बनाई है
वह वो सब पूछेगी
जिसके बिना पर पिछले सारे लड़कों ने
उसे ब्रेकअप दे दिया था
क्योंकि अब उसके पास ग़लतियाँ
करने भर की उम्र नहीं बची है
अब प्यार भी उसी से करेगी जो शादी करेगा
हो तो यह भी सकता है
कि वह पहले शादी कर ले
फिर उसे उसी से प्यार हो जाए
जैसा मम्मी और पापा को हुआ
बुआ और फूफा को हुआ
लेकिन वे सारी बग़ावती बातें
जो हॉस्टल में उसने अपनी सहेलियों को
आलोकधन्वा की कविता पढ़कर सुनाते हुए समझाई थीं
ओह! कैसे मुँह दिखाएगी सहेलियों को
वैसे कहाँ लिखा है कि शादी की ही जाए
लेकिन कविता को दुल्हन बनने का बड़ा शौक़ है
वह अपनी शादी में बिल्कुल वैसा ही लहँगा
बनवाएगी जैसा कटरीना ने फ़िल्म में पहना था
कविता ने 'दिलवाले दुल्हनियाँ...' कई-कई बार देखी है
बचपन में राज-राज चिल्लाती सरसों के खेत में
बावली-सी दौड़ा करती थी
प्यार तो बेहद ज़रूरी चीज़ है
बिना प्यार के कैसे जी पाएगी वह
और सच भी तो है
कोई कैसे किसी से बिना देखे, मिले या जाने शादी कर ले
प्यार होना ज़रूरी होता है
क्या एक बार और प्यार किया जा सकता है
क्या एक बार और कहा जा सकता है
कि मैं बस तुम्हारे लिए बनी हूँ
मैं बस तुम्हारे लिए जीना चाहती हूँ
मैं बस तुम्हारे लिए मरना चाहती हूँ
और वह बस यह कह दे
हाँ, मैं तुमसे शादी करूँगा
कविता ने इसके अलावा
दुनिया का हर लफ़्ज़ सुना है
सिवाय इसके
तीस की उम्र में ब्रेकअप
आपको रोने भी नहीं देता ठीक से
हॉस्टल का पंखा कितना धीमे-धीमे चलता है
उसे अब ख़याल आया है
जून के महीने में ब्रेकअप नहीं करना चाहिए था उसे
गर्मी से वैसे ही सिर फट रहा है
दिल टूटने से या गर्मी से
किससे परेशान होऊँ समझ नहीं आता
पिछले तीन साल से उसने कहाँ ध्यान दिया था
उसके कमरे की खिड़की से
एक लड़कों वाला हॉस्टल दीखता है
दो मैना और एक कबूतर रोज़ उसकी खिड़की पर आते हैं
आजकल वह जब भी हॉस्टल लौटती है
एक बात ग़ौर करती है
जिन लड़कियों के प्रेमी हैं
उनकी खिड़कियों पर शीशे रखे होते हैं ख़ाली उदास-से
और जिनका ब्रेकअप हो चुका होता है
उनकी खिड़कियों पे वो ख़ुद होती हैं
शीशों की तरह
कविता कहीं भाग जाना चाहती है
लेकिन कहाँ
किसके साथ
उसके कानों में आलोकधन्वा की थरथराती हुई आवाज़ गूँजती है :
''लड़की भागती है
तो क्या ज़रूरी है उसके साथ
कोई लड़का भी भागा हो
लड़की भागती है
दर्शकों से भरे जगर-मगर स्टेडियम में...''
कविता बार-बार सोचती है
अब इस उम्र में
क्या वह स्टेडियम में भाग भी सकती है
उसके भागने का इंतज़ार कर रहे उसके अपने लोग
क्या वाक़ई छुपाएँगे उसका शीशा उसका आबनूस
उसकी सात पालों वाली नाव
उसके दुपट्टे के झुटपुटे में जिसे वह आलमारी में कहीं छोड़ आई है
क्या उसके पास कोई उम्र बची है
तीस की हो गई कविता
सोचती है
कहाँ होगा वह लड़का जो उसे कहीं भगा ले जाए
जिसका इंतज़ार हर समंदर के दरवाज़े पर खड़ी वह कर रही है।








