सोचो कि तुम कोई और होतीं
मैं कोई और होता
तो क्या होता
हम बाग़ के किसी कोने में
औरों की तरह प्यार कर रहे होते
दुनिया हमें तबाह करने के तमाम रास्ते ढूँढ़ रही होती
सर्दियों की धुँध
जून रात की गर्म छतें
ख़ाली उम्रदराज़ कोठरियाँ
बाग़ के कँटीले झुरमुट
सुनसान फूलों के खेत
हमारे ठिकाने होते
लंबी उम्र के लिए प्यार को
एक अदद पर्दे की तलाश होती है
तुम कोई और भी होतीं
तब भी यूँ ही मुझसे मिलतीं
यूँ ही हँसतीं
खिलखिलातीं
और शरमा जातीं
मैं कोई और भी होता
तब भी तुम्हारी शर्म को
बाँहों में यूँ ही समेट लेता
तुम हम कोई भी हों
प्यार ही हमारा काम है
कामगार सिर्फ़ कामगार होते हैं
सूरतें बदलने से उनके काम
और तक़दीर में कोई फ़र्क़ नहीं पड़ता








