सब भर जाएगा ! - अपर्णा भटनागर

अपर्णा भटनागरअपर्णा भटनागर6 Sept 1964

9 min read · 12.4K reads

रॉबिन तुम एकदम रॉबिन चिड़िया जैसे हो
छल्लेदार बाल, अकसर लाल रहने वाली दो गोल बड़ी आँखें
कभी ऊँघते नहीं देखा तुम्हे

माँ को कभी उठाना नहीं पड़ता
मुर्गे की एक सरल बांग पर उमड़ जाती है सुबह
और तुम नंगे पैर ही दौड़ जाते हो सागर के अंचल पर
अंतहीन बढ़ते क़दम
रेत पर छापती चलती हैं नन्ही इच्छाओं के पैर

तुम चलते कहाँ हो
उछलते हो
रॉबिन तुम्हे अच्छा लगता है
अकसर एक पत्थर उछालकर फेंकना
दूर जितना दूर फेंक सको
चट्टान पर गोह की तरह चिपककर देखते हो अपना खेल
तुम्हारी क्षमता का पत्थर
लहरों को तोड़ देता है
विवर बनते हैं
इस गोलाई में घूमते देखते हो पत्थर
और फिर सब भीतर समाहित होना
तुम्हे अच्छा लगता है इस विवर को भरना
छोटी सीपियाँ, घोंघे, सूखे पत्ते, सफ़ेद रेत और न जाने क्या
समुद्र भर दोगे क्या ?

रॉबिन तुम्हे जाल फेंकना कभी अच्छा नहीं लगा
खाली हो जाता है समुद्र
इस जाल में फँसकर
तुम अल्बर्ट के साथ गोल नाव पर बैठकर दूर तक जाना पसंद करते हो
तुम्हारे इस पिता ने बंजारापन दिया है
जबकि मैं टिकना मांगती रही
जैसे मेरा चरित्र टिक गया है
समुद्र के किनारे
 
इधर ये अबाबीलें
तुम्हारी नाव के साथ क्षितिज तक जाती हैं
तुम उनकी परछाई हाथ से पकड़ते हो
चप्पू को धप्प-धप्प मारकर
ऊँची उठती लहरों को कितना छोटा करोगे रॉबिन?
ओह! प्रहर कितना बीता ?
रॉबिन तुम्हारी गोल नाव किस किनारे लगी है?

उस बार तुम बहुत दूर गए थे न ..
समुद्र भरने ?
मैं जानती हूँ तुम लौटोगे
अल्बर्ट के साथ
मैं लाल रूमाल लिए हर तूफ़ान पर
आगाह करती हूँ

अरे ! गोल नाव वालों लौट आओ ...
तब तुम्हारे हाथ
किसी विवर से पुकारते हैं
माँ ...
भरने लगा है समुद्र !
देख दूर ..

कितना नीला आकाश
एकसाथ सागर टूट पड़ा है लहरों पर
मेरे पत्थर की तरह ..
इस बार उछाल में सब भर जाएगा !
अपर्णा भटनागर
About the poet

अपर्णा भटनागर

View profile & all 40 Poems / Stories

More from अपर्णा भटनागर

  1. मेरे क्षण - अपर्णा भटनागर

    गोधूली बीत गई थीनौसढ़ के पुल से नीचे बहती

    12.4K reads
  2. मिनौती - अपर्णा भटनागर

    हर नारी मिनौती है.. यहाँ दृश्य अरुणाचल का है, इसलिए बाँस, धान, सूरज, सीतापुष्प, पहाड़ के बिम्ब भी उसी प्रदेश के हैं। बरई, न्यिओगा वहाँ के लोक जीवन से जुड़े गीत हैं- जैसे हम बन्ना-बन्नी, आला, बिरहा से जुड़े हैं... इस संगीत को बाँसों से जोड़ा है.. जैसे बाँस के खोखल से निसृत होकर ये मिनौती की आत्मा में पैठ गए हैं... नारी के मन और आत्म को समझाते हुए पुरुष से अंतिम प्रश्न पर कविता समाप्त होती है...मेरे बाँस

    12.4K reads
  3. गौतम की प्रतीक्षा ? - अपर्णा भटनागर

    कुछ तितलियाँफूलों की तलहटी में तैरती

    12.4K reads
  4. बाहर बहुत बर्फ़ है - अपर्णा भटनागर

    तुम्हारे देश के उम्र की हैअपने चेहरे की सलवटों को तह कर

    12.4K reads
  5. जगाना मत ! - अपर्णा भटनागर

    काँपते हाथों सेवह साफ़ करता है

    12.4K reads

More Poetry & Stories You May Like