खूँटियों पर पुरानी शर्ट की तरह टँगा होना
और घास की नोंक पर ओस की बूँद-सा टिका होना
जीवन नहीं है
पर अफ़सोस
इतना भर ही बचा है जीवन
मुझे कोई शर्म नहीं ये कहते हुए
कि मेरे पाँव खो गए हैं
जैसे तुम्हारी चप्पल खो गई थी मंदिर के बाहर से
पानी का बर्फ़ बन जाना अगर त्रासदी कही जा सकती है
तो एक त्रासदी घट रही है इन दिनों
जैसे एक से एक घटता है
जैसे देह से आत्मा घटती है
मैं इतना दुःखी हूँ कि पिघल रहा हूँ
शायद यह आख़िरी तरीक़ा है
जिससे बर्फ़ फिर से पानी बन सकेगा
पत्थर गुलेल पर चढ़ेगा
और निकल जाएगा अपने लक्ष्य की तरफ़ पूरे आवेग से
फ़िलहाल तो पोर-पोर पतझड़ है
रोम-रोम रात
बात-बात बेदिली
और साँस-साँस सख़्ती!








