तीसरा विकल्प

अनुराग अनंतअनुराग अनंत9 Jul 1989

1 min read · 12.4K reads

एक अदृश्य दुःख

मेरे जीवन के हर दृश्य में उपस्थित रहा

औरों के लिए ओझल

मेरे लिए प्रत्यक्ष

साक्षात्, समक्ष

अदृश्य की सत्ता दृश्य से बड़ी होती है

जैसे ईश्वर सब जगह विद्यमान है

सर्वशक्तिशाली होने के मुहावरे के साथ

सरकार भी सब जगह है

मेरे और तुहारे बीच भी

देह में हृदय नहीं दिखता

पर होता तो है ही न

पानी में प्यास नहीं दिखती

पर होती तो है ही न

वायु में साँस नहीं दिखती

पर होती तो है ही न

उसी तरह प्रत्येक दृश्य में दुःख नहीं दिखता

पर होता तो है ही न

मछली को चारा दिखता है

काँटा नहीं

चिड़िया को दाना दिखता है

जाल नहीं

मनुष्य को मनुष्य दिखता है

मनुष्य का मन नहीं

अदृश्य को देख सकने वाले के पास मात्र दो ही विकल्प शेष रहते हैं

या तो वह पागल हो जाए

या कवि

कुछ होते हैं जो तीसरे विकल्प को तलाशते हुए जीवन गुज़ार देते हैं

और वे न पागल हो पाते हैं न कवि!

अनुराग अनंत
About the poet

अनुराग अनंत

नई पीढ़ी के कवि। पत्रकारिता से भी जुड़ाव। मूल नाम : अनुराग अनंत जन्म : 09/07/1989 | इलाहाबाद, उत्तर प्रदेश

View profile & all 36 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like