मेरी नींद ने कभी मेरा साथ नहीं दिया
स्वप्न सदैव विश्वासघात करते रहे
जब लगभग स्पर्श करने वाला होता हूँ स्वप्निल दृश्य
नींद टूट जाती है
नींद का टूटना सिर्फ़ नींद का टूटना नहीं होता
नींद का टूटना एक स्वप्न का टूटना भी है
मेरी नींद और मेरे स्वप्न के टूट जाने का दुःख मुझे कभी नहीं रहा
मुझे बस इतना ही दुःख है कि
लगभग स्पर्श, स्पर्श में नहीं बदल सका कभी
लगभग स्पर्श न कर पाने का दुःख
स्पर्श न कर पाने के दुःख से कहीं बड़ा होता है।








