मेरे स्वप्न में

अनुराग अनंतअनुराग अनंत9 Jul 1989

1 min read · 12.4K reads

मेरे स्वप्न में मछलियों के पंख हैं

चिड़िया जल में तैर सकती है

मैं दौड़ते हुए निकल जाता हूँ क्षितिज के पार

उँगलियों में नचाता रहता हूँ पृथ्वी

मेरे दाँत पर चमकता रहता है आसमान

आँखें स्वप्न में मनुष्यों में बदल जाती हैं

तुम्हारी आँख मेरे स्वप्न में हरे रिबन वाली बच्ची है

और मेरी आँखें खिलौने के लिए ज़िद करता बच्चा

हमारी इच्छाएँ एक गिद्ध की तरह खुजलाती है पंख

और हम एक ही समय में हँसते-रोते बरामद होते हैं—

अपने-अपने एकांत में

कोई भी असंभव पूरी तरह असंभव नहीं होता

प्रत्येक असंभव लगभग असंभव होता है

स्वप्न असंभव और लगभग असंभव के पार कहीं

संभावना में निवास करते हैं

सारे असंभवों और लगभग असंभवों पर विजय पाते हुए।

अनुराग अनंत
About the poet

अनुराग अनंत

नई पीढ़ी के कवि। पत्रकारिता से भी जुड़ाव। मूल नाम : अनुराग अनंत जन्म : 09/07/1989 | इलाहाबाद, उत्तर प्रदेश

View profile & all 36 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like