लगभग जान देना, जान देने से बड़ा होता है

अनुराग अनंतअनुराग अनंत9 Jul 1989

1 min read · 12.4K reads

ज़रूरी नहीं कि तुम बोलो और कोई सुन ही ले

ज़रूरी तो यह भी नहीं कि सुन कर कुछ कर ही दे

इसलिए आवाज़ निकालने की व्यर्थता

को सहलाते हुए मौन रहने का विकल्प

चुन लेते हैं जीवन और दुनिया देख चुके लोग

सब लोगों की दुनिया एक बराबर नहीं

किसी की दुनिया में सिर्फ़ चार लोग हैं

तो किसी की दुनिया में वह अकेला

और किसी किसी की दुनिया में

वह स्वयं भी नहीं है, जिसकी वह दुनिया है

वहाँ मात्र स्मृति और अबूझे विचार हैं

उस पानवाले के उदास चेहरे की तरह

जो मेरा नाम नहीं जानता पर मुझे जानता है

उसे मालूम होता है कि जब मैं उसकी दुकान के सामने खड़ा होता हूँ

तो तुम्हारे बारे में सोच रहा होता हूँ

उसे मालूम है मंगल ग्रह सिर्फ़ अंतरिक्ष में ही नहीं है

बल्कि तुम्हारी गली के चौथे मकान में भी है

उसे मालूम है 'यथार्थ' और 'लगभग यथार्थ' के बीच कितना फ़ासला है

और यह भी कि मैं एक दिन

इसी फ़ासले के बीच

गिर कर लगभग ख़त्म हो जाऊँगा

वह व्यक्ति कवि नहीं है

पर यह ज़रूर जानता है कि लगभग ग़ायब हो चुके

लोगों को बचा लिया जाना चाहिए

यदि बचाना चाहते हैं हम

यह दुनिया और इसके रंग

वह मुझसे कहता है

कि यदि ज़रूरत पड़ेगी तो

वह मुझे बचाने के लिए

लगभग अपनी जान दे सकता है

उसके बीवी-बच्चे हैं

इसलिए जान देने का विकल्प उसके पास नहीं है

'जान देना' छोटी बात है

और 'लगभग जान देना' उससे बड़ी

एक छोटी बात के सामने उससे बड़ी बात खड़ी हो तो

जीवन 'लगभग जीवन' होने से बच जाता है।

अनुराग अनंत
About the poet

अनुराग अनंत

नई पीढ़ी के कवि। पत्रकारिता से भी जुड़ाव। मूल नाम : अनुराग अनंत जन्म : 09/07/1989 | इलाहाबाद, उत्तर प्रदेश

View profile & all 36 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like