प्रेम जंगली कबूतर के पंखों-सा निस्सीम
छोड़ जाता है हमारे हाथ में अपना रोंएदार स्पर्श
मैंने जब उससे दूर जाना चाहा चीज़ें उसके साथ ही छूटने लगीं
एक अतीत था जो बँधा था इस छोड़े जाते पल से
और अपने तमाम अतीतों से जब हम साथ भी नहीं थे
उसे छोड़ देना अपने पूरे जीवन को दो-फाड़ कर देना था
इसी मुश्किल की आसानी से हम जुड़े रहे इतने साल
कि वह पूरा पाकर भी उँगली छूते डरता रहा
उँगली छूते ही पूरा पा लेने का अभ्यास दोहरा बैठता
न होना स्वीकार्य नहीं था उसे
होने से डरता था
बहुत स्त्री होने पर मर मिटा एक दिन
इतनी अधिक स्त्री होने से आक्रांत था
ऐसे पैर लटकाए बैठे रहे हम काल पहाड़ी पर
ऐसे साथ साथ सूर्योदय और सूर्यास्त बिताए
उसने ही नहीं कहा कि सुंदर हूँ मैं
उसके ही साथ लगा कि बहुत सुंदर हूँ मैं।








